मुंबई में महिलाओं की हिफाजत के लिए पुलिस को सौंपे गए 94 खास वाहन

मुंबई में महिलाओं की हिफाजत के लिए पुलिस को सौंपे गए 94 खास वाहन

इस वाहन में हर वक्त कम से कम तीन महिला पुलिस कांस्टेबल मौजूद रहेंगी

मुंबई:

मुंबई में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए 94 एसयूवी पुलिस को सौंपे गए हैं। इसके पीछे मकसद है कि आपात कॉल मिलने के 10 मिनट के भीतर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच जाए। 7 करोड़ रुपये की यह योजना मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दिमाग की उपज है। सभी वाहनों में हर वक्त कम से कम तीन महिला पुलिस कांस्टेबल मौजूद रहेंगी।

ये सभी एसयूवी ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम यानी जीपीएस से लैस हैं। वर्ली पुलिस थाने के सीनियर इंस्पेक्टर विनय कुलकर्णी ने कहा, हमें जैसे ही कंट्रोल रूम से कोई शिकायत मिलती है, यह कार तुरंत घटनास्थल पर पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा, वर्ली पुलिस स्टेशन 2x2 स्क्वायर किलोमीटर के इलाके को कवर करता है, इसलिए हमें कोई शिकायत मिलने के बाद यह वाहन अधिक से अधिक 3-4 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच जाएगा।

सूत्रों ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में किसी मुसीबत में फंसी महिलाएं ऐसे निकटतम वाहन से मोबाइल एप के जरिये भी संपर्क कर सकती हैं। मुंबई में इस साल महिलाओं और बच्चों की ओर से मदद के लिए हेल्पलाइनों पर एक लाख से अधिक कॉल दर्ज किए गए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

एक छात्रा बेनिता चाको कहती हैं- इस तरह की कोई चीज के बारे में सुनना अच्छा लगता है, लेकिन यह कितना कारगर होगा? मुझे इसे लेकर शंका है। उनके सभी कॉल सेंटर और हेल्पलाइन हर वक्त सक्रिय रहना चाहिए।