आईपीएल सीज़न- 8 के फ़ाइनल मुक़ाबले से जुड़ी 10 ख़ास बातें

आईपीएल सीज़न- 8 के फ़ाइनल मुक़ाबले से जुड़ी 10 ख़ास बातें

नई दिल्ली:

आईपीएल सीजन 8 का फ़ाइनल मुक़ाबला चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच कोलकाता के ईडेन गार्डेंस में खेला जाएगा। इस मुक़ाबला से जुड़ी दस ख़ास बातों पर एक नज़र-

1. चेन्नई और मुंबई आईपीएल फ़ाइनल में तीसरी बार आमने-सामने हैं। 2010 में जब पहली बार दोनों आमने-सामने हुए थे, तब बाजी चेन्नई के नाम रही थी। 2013 में मुंबई इंडियंस चैंपियन बनी थी।

2. चेन्नई सुपर किंग्स रिकॉर्ड छठी बार फ़ाइनल में पहुंची है। टीम 2010 और 2011 में आईपीएल चैंपियन बन चुकी है। जबकि 2008, 2012 और 2013 में टीम उपविजेता रही थी।

3. चेन्नई फ़ाइनल मुक़ाबला जीतकर तीन बार आईपीएल चैंपियन बनने वाली पहली टीम बन सकती है.

4. अगर चेन्नई खिताब जीतती है तो आईपीएल इतिहास में ये केवल दूसरा मौका होगा जब लीग लीडर रही टीम आईपीएल का खिताब जीतेगी। 2008 में राजस्थान रॉयल्स लीग में टॉप रहने के बाद खिताब जीतने में कामयाब रही थी।

5. कोलकाता का ईडेन गार्डेंस दूसरी बार आईपीएल फ़ाइनल की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले 2013 में यहां आईपीएल फ़ाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसमें मुंबई ने चेन्नई को हराया था।

6. चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज़ ड्वेन स्मिथ 2015 में मुंबई के खिलाफ़ खेलेंगे। 2013 में मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर वे चेन्नई के खिलाफ खेल चुके हैं।

7. अगर मुंबई इंडियंस ख़िताब जीतती है तो रिकी पॉन्टिंग अनोखा डबल बनाएंगे। वे मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी के तौर पर 2013 में चैंपियन बनने वाली टीम में शामिल थे और इस वक्त वे मुंबई इंडियंस टीम के मुख्य कोच हैं।

8. अगर संयोग की बात करें तो मुंबई इंडियंस के चैंपियन बनने की संभावना ज्यादा है। क्योंकि आईपीएल के पिछले चार सीजन के दौरान वही टीम चैंपियन बनी है, जो लीग तालिका में दूसरे स्थान पर रही थी। इस बार मुंबई इंडियंस की टीम लीग में दूसरे स्थान पर रही है। वैसे मुंबई इंडियंस अगर चैंपियन बनती है तो ये उसका दूसरा खिताब होगा।

9. आईपीएल का फ़ाइनल अगर बारिश की वजह से नहीं हो पाता है तो 25 मई रिजर्व के दिन इसे खेला जाएगा। अगर किन्हीं वजहों से दोनों दिन खेल नहीं हो पाया तो चेन्नई की टीम चैंपियन घोषित होगी, क्योंकि लीग में चेन्नई की टीम मुंबई इंडियंस से बेहतर स्थिति में थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

10. आईपीएल सीजन 8 के चैंपियन बनने वाली टीम को 15 करोड़ रुपये की इनामी रकम मिलेगी जबकि उपविजेता टीम को 10 करोड़ रुपये मिलेंगे।