टीम इंडिया के 9 क्रिकेटर हुए क्लीन बोल्ड... अब 6 बाक़ी

नई दिल्‍ली : भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना- प्रियंका चौधरी के साथ शादी के बंधन में बंधते ही टीम इंडिया के उन क्रिकेटरों में शामिल हो गए हैं जो शादी शुदा हैं। खास बात ये है कि मौजूदा टीम इंडिया में सुरेश रैना से पहले आठ शादी-शुदा क्रिकेटर मौजूद हैं। एक नजर डालते हैं टीम इंडिया में शामिल शादी-शुदा क्रिकेटरों पर।

1. शिखर धवन - भारतीय क्रिकेट के जोरदार सलामी बल्लेबाज़ और गब्बर के नाम से मशहूर शिखर धवन की प्रेम कहानी एकदम फिल्मी है। उनकी अपनी पत्नी आयशा मुखर्जी से मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई। ऑस्ट्रेलियाई नागरिक आयशा तब शादी-शुदा थीं और दो बच्चों की मां भी। शिखर धवन से 12 साल उम्र में बड़ी भी। लेकिन प्यार इन सबको नहीं देखता। शिखर धवन ने 30 अक्टूबर, 2012 को आयशा से विवाह रचाया। टीम इंडिया में नियमित क्रिकेटर बनने से भी पहले। लेकिन इस शादी के बाद उनकी किस्मत बदली और 27 साल की उम्र में 2013 में उन्होंने टीम इंडिया में जोरदार वापसी की।

2. महेंद्र सिंह धोनी - महेंद्र सिंह धोनी ने सबको चौंकाते हुए आननफानन में शादी की थी। धोनी और साक्षी रावत की शादी 4 जुलाई, 2010 को देहरादून में हुई थी। दोनों की पहली मुलाकात कोलकाता के होटल ताज में हुई थी, जहां साक्षी एक ट्रेनी के तौर पर काम कर रहीं थी और भारतीय टीम का कप्तान वहां क्रिकेट मैच के लिए पहुंचा था। दोनों की पहली मुलाकात का जादू कुछ ऐसा रहा कि कोलकाता से बाहर निकलने के बाद धोनी ने होटल के एक स्टाफ के जरिए साक्षी की बारे में खोजखबर ली और जल्दी ही एक दूसरे को हो गए।

3. अजिंक्य रहाणे -  टीम इंडिया के युवा स्टार अजिंक्य रहाणे ने 26 सितंबर, 2014 को राधिका धोपावकर के साथ अरेंज मैरिज किया। राधिका भी रहाणे की तरह मराठी हैं। दोनों की शादी का रिस्पेशन 28 सितंबर, 2014 को महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के लॉन में हुआ।

4. स्टुअर्ट बिन्नी - भारतीय क्रिकेटरों में स्टुअर्ट बिन्नी ऐसे क्रिकेटर हैं जिनकी पत्नी सबसे ग्लैमरस और सेलीब्रेटी चेहरा हैं। मेयंती लेंगर स्टार समूह की स्पोर्ट्स प्रजेंटर के तौर पर बेहद मशहूर हैं। स्टुअर्ट बिन्नी और मेयंती लेंगर की शादी 2012 में हुई थी। इस शादी के बाद स्टुअर्ट बिन्नी का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर शुरू हो पाया।

5. मोहम्मद शमी मौजूदा समय में भारत के सबसे बेहतरीन गेंदबाज़ माने जाने वाले मोहम्मद शमी ने 6 जून, 2014 को कोलकाता की हसीन जहां से मुरादाबाद में शादी की। शमी पहली बार हसीन से आईपीएल के एक इवेंट के दौरान 2012 में मिले। तब हसीन जहां कोलकाता में मॉडलिंग करती थीं। शादी के बाद हसीन ने मॉडलिंग के अपने करियर को छोड़ दिया।

6. आर. अश्विन – आर अश्विन ने अपनी कॉलेज की दोस्त प्रीति नारायण से 13 नवंबर, 2011 को शादी की। प्रीति नारायण अश्विन के कॉलेज के दिनों से ही दोस्त थीं। हालांकि दोनों स्कूल से ही एक दूसरे को जानते थे और दोनों का परिवार भी आपस में परिचित था। दोनों की शादी एक पारिवारिक आयोजन था। बाद में प्रीति और अश्विन ने टीम इंडिया के साथी क्रिकेटरों के लिए कोलकाता में शादी की पार्टी दी थी।

7. उमेश यादव – वर्ल्ड कप के दौरान जोरदार गेंदबाज़ी करने वाले उमेश यादव ने अपनी दोस्त तान्या वधावा से शादी 29 मई, 2013 को नागपुर के एक होटल में की। उमेश और तान्या की पहली मुलाकात 2010 में हुई, तब उमेश डेल्ही डेयरडेविल्स की ओर से खेलते थे और तान्या एक क्रिकेट फैन थीं। दोनों की मुलाकात एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई। तीन साल तक की दोस्ती के बाद उमेश ने तान्या के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे तान्या ने कबूल कर लिया।

8. अंबाति रायडू – टीम इंडिया के 15 खिलाड़ियों में शामिल अंबाति रायडू भी शादी-शुदा हैं। भारतीय क्रिकेट टीम से वनडे में रायडू ने डेब्यू जुलाई, 2013 में किया लेकिन चेन्नूपल्ली विद्या से रायडू 2011 में शादी कर चुके हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

टीम इंडिया में मौजूद जो खिलाड़ी अभी भी बैचलर हैं उनके नाम हैं रोहित शर्मा, विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार, रविंदर जडेजा, मोहित शर्मा और अक्षर पटेल.