यह ख़बर 04 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

जडेजा सबसे महंगे, जयवर्धने और विनय को बड़ा फायदा

खास बातें

  • मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर शुक्रवार को मैन ऑफ द मैच चुने गए हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा आईपीएल के पांचवें संस्करण के लिए शनिवार को खिलाड़ियों की हुई नीलामी में सबसे महंगे रहे।
बेंगलुरु:

मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर शुक्रवार को मैन ऑफ द मैच चुने गए हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पांचवें संस्करण के लिए शनिवार को खिलाड़ियों की हुई नीलामी में सबसे महंगे रहे। जडेजा को अनुमानित 20 लाख डॉलर मिले जबकि भारतीय ट्वेंटी-20 और एकदिवसी टीम के गेंदबाज विनय कुमार 10 लाख डॉलर की बोली जीतने में सफल रहे। श्रीलंकाई टीम के कप्तान माहेला जयवर्धने के नाम 14 लाख डॉलर की बोली रही।

मेलबर्न में खेले गए ट्वेंटी-20 मैच में दो रन आउट करने के अलावा एक विकेट लेने वाले जडेजा को कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स टीम ने 20 लाख डॉलर में खरीदा। विनय कुमार के लिए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 10 लाख डॉलर की बोली लगाई जबकि रुद्र प्रताप सिंह 600,000 डॉलर की बोली पाने में सफल रहे।

जडेजा को अपने साथ जोड़ने के लिए कई फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होड़ देखने को मिली। डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद के साथ टाई होने के बाद जडेजा सुपर किंग्स के खाते में गए। जडेजा को असल में कितनी रकम प्राप्त हुई है इसका खुलासा नहीं हुआ है लेकिन यह रकम 20 लाख डॉलर से अधिक ही होगी। पिछले वर्ष केरल टस्कर्स फ्रेंचाइजी ने जडेजा को 950,000 डॉलर में खरीदा था।

ऐसी उम्मीद थी कि जडेजा को कम से कम 12 लाख डॉलर मिल जाएंगे लेकिन सुपर किंग्स ने उन्हें उम्मीद से अधिक दे दिया।

ऐसा ही कुछ विनय कुमार के साथ हुआ। ऑस्ट्रेलिया में अपने पहले टेस्ट मैच में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले विनय को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 10 लाख डॉलर में अपने नाम किया। विनय को उनकी आधार कीमत एक लाख डॉलर से 10 गुना अधिक राशि प्राप्त हुई।

जयवर्धने को दिल्ली डेअरडेविल्स ने 14 लाख डॉलर में अपने साथ जोड़ा। जयवर्धने बीते सत्र में कोच्चि टस्कर्स के लिए खेले थे। वह इस टीम के कप्तान भी रहे थे। इसके अलावा न्यूजीलैंड के विकेट कीपर बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्लम को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 900,000 लाख डॉलर में खरीदा।

मैक्लम पिछले वर्ष टस्कर्स की ओर से खेले थे। आईपीएल में मैक्लम कोलकाता के लिए खेल चुके हैं। महान स्पिनर श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन को रॉयल चैलेंजर्स बैगलोर ने 220,000 डॉलर में खरीदा। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज हर्शल गिब्स को मुम्बई इंडियंस ने 50 हजार डॉलर में अपने साथ जोड़ा।

ऑस्ट्रेलिया के ब्रैड हॉज को चार लाख 75 हजार डॉलर में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा। भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल को डेक्कन चार्जर्स ने छह लाख 50 हजार डॉलर में जबकि श्रीलंका के दिनेश चांदीमल को राजस्थान रॉयल्स ने 50 हजार डॉलर में अपने साथ लिया है।

वेस्टइंडीज के खिलाड़ी आंद्रे रसेल को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 450,000 डॉलर में अपने साथ जोड़ा। रसेल की आधार कीमत 50,000 डॉलर थी। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज मिशेल जानसन अपनी आधार कीमत 300,000 डॉलर पर मुम्बई इंडियंस के साथ जुड़े।

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज रुद्र प्रताप सिंह को मुम्बई इंडियंस ने छह लाख डॉलर में अपने साथ किया। सिंह की आधार कीमत 200,000 डॉलर थी। तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत को राजस्थान रॉयल्स ने उनकी आधार कीमत 400,000 डॉलर पर अपने साथ जोड़ा। मुम्बई के स्पिनर रोमेश पवार को किंग्स इलेवन पंजाब ने 160,000 डॉलर में खरीदा। पवार की आधार कीमत 1,00,000 डॉलर थी।

ऑस्ट्रेलिया के 40 वर्षीय हरफनमौला खिलाड़ी ब्रैड हॉग को राजस्थान रायल्स उनकी आधार कीमत 1,00,000 डॉलर से अधिक देते हुए 1,80,000 डॉलर पर अपने साथ किया। वेस्टइंडीज के स्पिनर सुनील नारायण के लिए कोलकाता नाइट राइर्ड्स ने सात लाख डॉलर की कीमत लगाई, जो उनकी आधार कीमत 50,000 डॉलर से काफी अधिक है।

रोबिन पीटरसन को मुम्बई इंडियंस ने 1,00,000 डॉलर में अपने साथ किया। इसके अलावा इंग्लिश नागरिकता हासिल कर चुके पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट हरफनमौला खिलाड़ी अजहर महमूद को किंग्स इलेवन पंजाब ने 200,000 डॉलर में अपने साथ किया। उनकी आधार कीमत 100,000 डॉलर थी।

श्रीलंकाई खिलाड़ी थिसिरा परेरा को मुम्बई इंडियंस ने 650,000 डॉलर में अपने साथ किया। परेरा की आधार कीमत 50,000 डॉलर थी। केवोन कूपर (राजस्थान रॉयल्स), डग ब्रेसवेल (डेअरडेविल्स), डेरेन ब्रावो (डेक्कन चार्जर्स), मार्चाट डे लांग (कोलकाता नाइट राइर्ड्स) अपने आधार कीमत पर नीलाम हुए।

इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन, मैट प्रायर, इयन बेल, रवि बोपारा, ग्रीम स्वान व ओवैश शाह, वेस्टइंडीज के एड्रियन बाराथ, डेरेन ब्रावो और राम नरेश सरवन, बांग्लादेश के तमीम इकबाल, श्रीलंका के उपुल थरंगा व असंथा मेंडिस, दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर व जस्टिन कैंप, वेस्टइंडीज के मार्लन सैमुएल्स, ऑस्ट्रेलिया के पीटर सिडल, वेस्टइंडीज के रवि रामपाल को कोई खरीदार नहीं मिला।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के निकी बोए, श्रीलंका के फरवेज महरूफ, वेस्टइंडीज के लेंडल सिमंस, दक्षिण अफ्रीका के अल्वारो पीटरसन, ऑस्ट्रेलिया के जेवियर डोर्थी, न्यूजीलैंड के जैकब ओरम, दक्षिण अफ्रीका के रेयान मैक्लॉरेन और भारत के वीवीएस लक्ष्मण भी किसी भी टीम के पसंदीदा नहीं बन पाए।