यह ख़बर 19 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

ब्रिस्बेन टेस्ट : भारत ने विजय का विकेट गंवाकर बनाए 71 रन, ऑस्ट्रेलिया से 26 रन पीछे

स्टीवन स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से सर्वाधिक रन बनाए

ब्रिसबेन:

भारतीय क्रिकेट टीम ने गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के साथ जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में मुरली विजय का विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए।

भारत की पहली पारी के 408 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 505 रन बनाए थे। भारत इस लिहाज से अभी 26 रन से पिछड़ रहा है। शिखर धवन 26 और चेतेश्वर पुजारा 15 रनों पर नाबाद लौटे।

धवन ने 65 गेंदों पर दो चौके लगाए हैं, जबकि अपने अब तक के टेस्ट करियर में 2,000 रनों से मात्र एक रन पीछे पुजारा ने 35 गेंदों पर दो चौके जड़े हैं। दोनों के बीच अब तक 30 रनों की साझेदारी हुई है। भारत ने 23 ओवर का सामना किया है। पहली पारी के हीरो विजय का विकेट 41 के कुल योग पर मिशेल स्टार्क ने लिया। विजय ने 39 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 27 रन बनाए।

उन्होंने पहली पारी में 144 रन बनाकर भारत को मजबूती प्रदान की थी। इससे पहले, कप्तान स्टीवन स्मिथ (133) के करियर के छठे शतक, मिचेल जॉनसन (88) और स्टार्क (52) की उम्दा बल्लेबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 505 रन बनाए। जोस हाजेलवुड 50 गेंदों का सामना कर सात चौके लगाकर 32 रनों पर नाबाद लौटे।

तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने पहले सत्र में दो विकेट गंवाए। पहला विकेट मिशेल मार्श (11) के रूप में गिरा, जबकि दूसरा विकेट विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन (6) के रूप में गिरा। मार्श को ईशांत शर्मा ने अपनी एक अंदर आती गेंद पर बोल्ड किया। मार्श ने 34 गेंदों पर एक चौका लगाया। उनका विकेट 232 के कुल योग पर गिरा। हेडिन 247 के कुल योग पर आउट हुए। हेडिन को वरुण एरॉन ने चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच कराया।

मार्श दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक सात तथा कप्तान स्मिथ 65 रनों पर नाबाद लौटे थे। ऑस्ट्रेलिया ने स्टम्प्स तक चार विकेट पर 221 रन बनाए थे। दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट गिरे। आउट होने वाले बल्लेबाजों में स्मिथ, जॉनसन, लॉयन और सबसे अंत में स्टार्क रहे। स्मिथ 133 रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद पर बोल्ड हुए।

स्मिथ ने 191 गेंदों का सामना कर 13 चौके और दो छक्के लगाए। स्मिथ ने जॉनसन के साथ सातवें विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी की। जॉनसन ने अपना 10वां अर्धशतक लगाया। जॉनसन हालांकि स्मिथ से पहले आउट हुए थे। इसके बाद लॉयन और स्टार्क ने नौवें विकेट के लिए 56 रन जोड़े। इसमें लॉयन के 23 और स्टार्क के 31 रन शामिल हैं।

लॉयन की विदाई के बाद स्टार्क ने अपना पहला टेस्ट खेल रहे हाजेलवुड के साथ भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और अपने करियर का चौथा अर्धशतक पूरा किया। स्टार्क ने 59 गेंदों पर छह चौके लगाए। ऑस्ट्रेलिया ने 109.4 ओवर बल्लेबाजी की। भारत की ओर से ईशांत शर्मा और उमेश यादव ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि वरुण एरॉन और रविचंद्रन अश्विन को दो-दो सफलता मिली। भारत को इस मैदान पर जीत का खाता खोलना है।

भारत ने इस मैदान पर अब तक पांच मैच खेले हैं, लेकिन उसे एक में भी जीत नहीं मिली है। अंतिम बार दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर दिसम्बर, 2003 में सामना हुआ था, जो बराबरी पर छूटा था। खास बात यह है कि इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया 1988 के बाद से अब तक नहीं हारा है। चार मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम 1-0 से आगे है। उसने एडिलेड में भारत को 48 रनों से हराया था। इस सीरीज का पहला टेस्ट मैच ब्रिस्बेन में ही खेला जाना था, लेकिन टेस्ट खिलाड़ी फिलिप ह्यूज की असमय मौत के कारण सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव किया गया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com