जानें किस गेंदबाज़ ने क्रिस गेल के छक्कों के रंग में भंग डाला?

नई दिल्ली:

क्रिस गेल का बल्ला आईपीएल के बाद इंग्लैंड में खेले जा रहे नेटवेस्ट टी-20 क्रिकेट में धमाल मचा रहा है। समरसेट की ओर से खेलते हुए क्रिस गेल ने केंट के खिलाफ जोरदार पारी खेली।
 
क्रिस गेल ने 62 गेंदों पर नॉट आउट 151 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में दस चौके और 15 छक्के लगाए, लेकिन गेल की ये धमाकेदार पारी भी उनकी टीम को जीत नहीं दिला सकी। समरसेट यह मैच 3 रन से हार गया।
 
केंट ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट पर 227 रन बनाए। टीम के कप्तान सैम नार्थईस्ट ने 58 गेंदों पर 114 रन बनाए। इसके जवाब में क्रिस गेल ने समरसेट की पारी को जोरदार शुरुआत दी और आखिरी तक विकेट पर टिके रहे लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए।
 
क्रिस गेल को आखिरी 4 गेंदों पर टीम को जीत दिलाने के लिए 16 रन बनाने थे। क्रिस गेल के सामने ये कोई मुश्किल चुनौती नहीं थी। आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने 2 रन लिए और चौथी गेंद पर गेल ने चौका लगाया। अब आखिरी दो गेंद पर गेल को 10 रन बनाने थे। ऐसे में मिचेल क्लायडन ने वह काम कर दिखाया, जिसने गेल के जादू को फीका कर दिखाया। ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने क्रिस गेल को एक भी रन नहीं लेने दिया।
 
इसके बाद गेल ने आखिरी गेंद पर छक्का जरूर लगाया, लेकिन केंट तब तक ये मैच जीत चुकी थी। इस मैच में 32 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ मिचेल क्लायडन हीरो बनकर उभरे और उन्होंने गेल पर काफी अंकुश लगा कर रखा। क्लायडन ने गेल को कुल नौ गेंद फेंकी, इसमें गेल एक छक्का और एक चौका ही लगा पाए। उन्होंने एक गेंद पर रन लिए और तीन गेंदों पर एक रन लिया, जबकि कुल तीन गेंद पर गेल कोई रन नहीं बना सके।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com