यह ख़बर 06 मार्च, 2013 को प्रकाशित हुई थी

विश्व कप 2019 तक धोनी को कप्तान बनाए रखना चाहिए : गावस्कर

खास बातें

  • महेंद्र सिंह धोनी की नेतृत्व की शैली में बदलाव से प्रभावित पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि झारखंड के इस आक्रामक बल्लेबाज को 2019 क्रिकेट विश्व कप तक भारत का कप्तान बनाए रखना चाहिए।
नई दिल्ली:

महेंद्र सिंह धोनी की नेतृत्व की शैली में बदलाव से प्रभावित पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि झारखंड के इस आक्रामक बल्लेबाज को 2019 क्रिकेट विश्व कप तक भारत का कप्तान बनाए रखना चाहिए।

गावस्कर का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के हाथों शिकस्त के बाद धोनी ने कप्तानी के अपने रवैये में बदलाव किया है और अब वह मैदान पर अधिक दबदबे वाले कप्तान हैं।

इस पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज हारने के बाद एक महीने का समय उसे आत्मविश्लेषण के लिए मिला। कप्तान के रूप में उसमें सकारात्मक बदलाव आया है। अब अगर कोई खिलाड़ी ध्यान नहीं दे रहा या उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर रहा तो धोनी उसे बता रहा है। वह काफी इशारे नहीं कर रहा, लेकिन खिलाड़ी को बता रहा है कि वह (धोनी) खुश नहीं है।

गावस्कर ने ‘एनडीटीवी’ से कहा, वह काफी फिट है और बेहतरीन बल्लेबाजी फार्म में है। नेतृत्व रवैये में बदलाव के बाद मुझे लगता है कि 2019 विश्व कप तक उसे नहीं छेड़ना चाहिए। हमें इस बारे (कप्तानी में बदलाव) में बात भी नहीं करनी चाहिए। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद धोनी को कप्तानी से ब्रेक का सुझाव देने वाले गावस्कर ने हालांकि कहा कि यह फैसला भारतीय कप्तान को करना है कि वह 2019 तक खेलेंगे या नहीं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा, उस समय उसकी उम्र को देखते हुए मुझे नहीं पता कि वह 2019 तक खेलेगा या नहीं। मैं कह रहा हूं कि वह 2019 तक खेल सकता है, लेकिन यह फैसला उसे करना है।