दक्षिण अफ्रीका से हारी टीम इंडिया, लेकिन मैच के दौरान बन गए 10 रिकॉर्ड

दक्षिण अफ्रीका से हारी टीम इंडिया, लेकिन मैच के दौरान बन गए 10 रिकॉर्ड

पहले टी-20 मैच में रोहित शर्मा (दाएं) ने शानदार शतक लगाया (सौजन्य : AFP)

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गांधी-मंडेला सीरीज का पहला ही मैच बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने इस मैच में रनों की बरसात करने में कोई कसर नहीं रखी। इस मैच के दौरान कई रिकॉर्ड बन गए। एक नजर इन रिकॉर्ड पर-

1. रोहित शर्मा ने शानदार शतक जमाते हुए 106 रन बनाए। वे अंतरराष्ट्रीय टी-20 में शतक लगाने वाले भारत के महज दूसरे बल्लेबाज हैं। इससे पहले सुरेश रैना ने भारत की ओर से यह कारनामा साल 2010 के वर्ल्ड टी-20 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही दिखाया था। इसके साथ ही रोहित ने टीम इंडिया की ओर से टी-20 का बेस्ट स्कोर बनाया।
 
2. रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 138 रन जोड़े, यह टी-20 क्रिकेट में भारत की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।

3. विराट कोहली ने अपनी 43 रन की पारी के दौरान ही टी-20 क्रिकेट में हजार रन पूरे कर लिए। 29वें टी-20 मैच और 27वीं पारी के दौरान कोहली इस मुकाम तक पहुंचे हैं। वे टी-20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों में हजार रन तक पहुंचने वाले बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स और केविन पीटरसन के नाम था, जिन्होंने 32-32 पारियों में यह रिकॉर्ड बनाया था।

4. इस मैच में कुल 20 छक्के लगे। यह भारत में खेले गए किसी टी-20 मैच में सर्वाधिक छक्के हैं। इसमें भारतीय बल्लेबाजों ने 11 छक्के जमाए, जबकि दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने 9 छक्के लगाए। वैसे एक मैच में सर्वाधिक छक्के का रिकॉर्ड नीदरलैंड और आयरलैंड के बीच मैच का है, जिसमें वर्ल्ड टी-20 क्वालिफायर मुकाबले में 30 छक्के लगे थे।

5. दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज जेपी डुमिनी ने इस मैच में 7 छक्के लगाए। वे भारत के खिलाफ किसी टी-20 मैच में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। हालांकि भारत के खिलाफ 7 छक्के लगाने का कारनामा उनसे पहले डेविड वॉर्नर, क्रिस गेल, शेन वाटसन और ऑइन मोर्गन भी दिखा चुके हैं।

6. इस मैच में डुमिनी ने अपना सबसे तेज टी-20 अर्धशतक भी बना लिया। उन्होंने महज 28 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आठ अर्धशतकों में सबसे तेज है।

7. रोहित शर्मा ने इस मैच में 106 रन ठोके। वे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक शतक और दो अर्धशतक की मदद से छह पारियों में अब 287 रन बना चुके हैं। उनकी बल्लेबाजी का औसत 57.40 रहा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 150 रन से ज्यादा बनाने वाले बल्लेबाजो में सबसे बेहतरीन औसत रोहित शर्मा का ही है।

8. भारत ने 20 ओवरों में पांच विकेट पर 199 रन बनाए। यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का सबसे बेहतर स्कोर है। वैसे टी-20 में भारत तीन बार 200 से ज्यादा रन बना चुका है।

9. भारतीय बल्लेबाजों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 11 छक्के लगाए। यह तीसरा मौका है जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 11 छक्के लगे। इससे पहले वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने दो अलग अलग मैचों में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 12-12 छक्के लगाए हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

10. दक्षिण अफ्रीका ने 200 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। टी-20 क्रिकेट में यह दूसरा मौका है जब दक्षिण अफ्रीका ने जीत के लिए 200 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले 2007 के वर्ल्ड टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 206 रन बनाकर मैच जीता था।