यह ख़बर 07 मई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

मिशेल स्टार्क, किरन पोलार्ड पर लगा जुर्माना

मुंबई:

इंडियन प्रीमियर लीग (आपेल) के सातवें संस्करण के तहत मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच हुए 27वें मैच के दौरान आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में मिशेल स्टार्क और किरन पोलार्ड पर जुर्माना लगाया गया।

मैच रेफरी एंडी पेक्रॉफ्ट ने स्टार्क पर 50 फीसदी मैच फीस का जबकि पोलार्ड पर 75 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया।

मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स की पहली पारी में स्थिति तब गंभीर हो गई, जब पोलार्ड और स्टार्क के बीच बढ़ी गर्मागर्मी यहां तक पहुंच गई कि पोलार्ड ने बैट फेंककर स्टार्क को मारने की कोशिश की, लेकिन बल्ला उनके नजदीक ही रह गया।

दोनों टीमों के कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा को बीच-बचाव के लिए आना पड़ गया था।

स्टार्क को जहां दूसरी श्रेणी के आर्टिकल 2.2.11 का दोषी पाया गया वहीं पोलार्ड को आर्टिकल 2.2.7 का दोषी पाया गया।

इसके अलावा दोनों टीमों के कप्तानों पर भी धीमी ओवर गति रखने के लिए जुर्माना लगाया गया। रोहित के खिलाफ चूंकि धीमी ओवर गति रखने का यह दूसरा मामला था इसलिए उन पर 24 लाख रुपये तथा मुंबई इंडियंस टीम के हर खिलाड़ी पर छह-छह लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कोहली को आईपीएल-7 में पहली बार धीमी ओवर गति रखने का दोषी पाए जाने के कारण उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

रॉयल चैलेंजर्स के तेज गेंदबाज वरुण एरॉन को आईपीएल की पोशाक से संबंधित दिशा निर्देशों के पैरा 4.2 के आर्टिकल 2.1.1 का उल्लंघन करने का दोषी पाए जाने के कारण फटकार लगाई गई।