IPL 2016 नीलामी : पवन नेगी भारतीय स्टार, वॉटसन टॉप पर, युवी-मॉरिस पर लगी एक समान बोली

IPL 2016 नीलामी : पवन नेगी भारतीय स्टार, वॉटसन टॉप पर, युवी-मॉरिस पर लगी एक समान बोली

युवराज सिंह को पवन नेगी ने पीछे छोड़ दिया (फाइल फोटो)

आईपीएल- 2016 सीजन की नीलामी में ऑस्‍ट्रेलिया के शेन वॉटसन सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, वहीं पिछले सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे 16 करोड़ी युवराज सिंह को इस बार 7 करोड़ से ही संतोष करना पड़ा। इस प्रकार उनकी कीमत पिछली बार के 16 करोड़ की तुलना में आधे से भी कम रह गई। उन्हें 7 करोड़ में हैदराबाद सनराइजर्स ने खरीदा। हालांकि युवराज भारतीय खिलाड़ियों में पवन नेगी के बाद सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। टीम-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में शामिल किए गए नेगी को दिल्ली डेयरडेविल्‍स ने 8.5 करोड़ रुपये में खरीदा।

वॉटसन को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम ने 9.5 करोड़ रुपए में खरीदा। वॉटसन की बेस प्राइस दो करोड़ रुपए तय थी। उनके अलावा भारत के सितारे ईशांत शर्मा और इंग्‍लैंड के केविन पीटरसन को भी फ्रेंचाइजियों ने हाथों हाथ लिया। चौकाने वाली खबर क्रिस मॉरिस की रही, उन्हें दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स ने 7 करोड़ में खरीदा।

ऑस्‍ट्रेलिया के टी-20 कप्‍तान और हाल ही में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले एरॉन फिंच को दूसरी बार की बोली में गुजरात लॉयन्स ने एक करोड़ रुपए के बेस प्राइस पर खरीदा।
(पढ़े, पवन नेगी को 'डबल गिफ्ट', टी-20 वर्ल्‍डकप टीम में चयन के बाद मिली 8.5 करोड़ की कीमत)

50 लाख के बेस प्राइस वाले गुमनाम मॉरिस 7 करोड़ में बिके
दक्षिण अफ्रीका के क्रिस मॉरिस की नीलामी राशि ने हर किसी को हैरानी में डाल दिया। मॉरिस की बेस प्राइस 50 लाख रुपए तय थी, लेकिन उनको खरीदने के लिए कोलकाता और मुंबई की फ्रेंचाइजी के बीच जोरदार होड़ मची। आखिरकार उन्‍हें दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स ने 7 करोड़ की भारी-भरकम राशि में खरीदा।
(यह भी पढ़ें- ...आखिर ये मॉरिस हैं कौन, IPL में 7 करोड़ की कीमत लगते ही पूछने लगे क्रिकेटप्रेमी)

ईशांत को पुणे की फ्रेंचाइजी ने खरीदा
पिछले सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे युवराज को हैदराबाद सनराइजर्स ने 7 करोड़ रुपए में खरीदा, जबकि बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले पीटरसन 3.5 करोड़ रुपए में पुणे सुपरजाइंट्स के हो गए। इसी तरह ईशांत शर्मा को पुणे की फ्रेंचाइजी ने 3.8 करोड़ रुपए में खरीदा। तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को खरीदने के लिए किंग्‍स इलेवन पंजाब और सनराइजर्स के बीच होड़ मची। आखिरकार उन्‍हें हैदराबाद ने 5.5 करोड़ में खरीदा।

बरिंदर सरां 1.2 करोड़ में हैदराबाद के
टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी में नई सनसनी बरिंदर सरां को सनराइजर्स हैदराबाद ने 1.2 करोड़ रुपए में खरीदा। बेस प्राइस 50 लाख रुपए निर्धारित थी। गेंद को स्विंग कराने में माहिर मेरठ के प्रवीण कुमार को गुजरात लॉयन्स ने 3.5 करोड़ रुपए में खरीदा, उनकी बेस प्राइस 50 लाख रुपए थी। इसी तरह तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी को गुजरात लॉयन्स ने बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में खरीदा।
(यह भी पढ़ें- धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे गप्टिल और फिंच पर नही पड़ी किसी की निगाह..)

सैमसन बिके 4.2 करोड़ में

  • भारत के युवा सितारे संजू सैमसन को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 4.2 करोड़ रुपए में खरीदा। संजू की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए थी।
  • विकेटकीपर बल्‍लेबाज दिनेश कार्तिक को 2.3 करोड़ रुपए में गुजरात लॉयंस ने खरीदा। उनकी बेस प्राइस दो करोड़ रुपए तय थी।
  • दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन को गुजरात लॉयन्स ने 2.3 करोड़ रुपए में खरीदा, उनकी बेस प्राइस 1.5 करोड़ रुपए थी।
  • इंग्लैंड के जॉस बटलर को मुंबई इंडियन्स ने 3.8 करोड़ रुपए में खरीदा। बेस प्राइस 1.5 करोड़ रुपए थी।
  • हरफनमौला इरफान पठान को एक करोड़ की बेस प्राइस पर पुणे सुपरजाइंट्स ने खरीदा।
  • स्टुअर्ट बिन्नी को RCB ने बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में खरीदा।
  • न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो को कोलकाता नाइट राइडर्स ने बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा।

वेस्‍टइंडीज के कार्लोस ब्रेथवेट को भी फ्रेंचाइजियों ने हाथोंहाथ लिया। दिल्ली डेयरडेविल्स ने 4.2 करोड़ रुपये में उन्‍हें खरीदा, उनकी बेस प्राइस 30 लाख रुपये रखी गई थी। इसी तरह ऑस्‍ट्रेलियाई हरफनमौला मिशेल मार्च ने पुणे सुपर जाइंट्स ने 4.8 करोड़ रुपए में खरीदा। उनकी बेस प्राइस दो करोड़ रुपए थी।
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गप्टिल को नहीं मिला कोई खरीदार

  • नीलामी के दौरान कुछ हैरान करने वाली चीजें भी देखने में आईं। न्‍यूजीलैंड की ओर से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे विस्फोटक मार्टिन गप्टिल को कोई खरीदार नहीं मिला। वे दूसरे बार में भी किसी को आकर्षित नहीं कर सके।
  • इसी तरह ऑस्‍ट्रेलिया के उस्‍मान ख्‍वाजा, माइकल हसी, जॉर्ज बैली, दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला, भारत के चेतेश्‍वर पुजारा और एस बद्रीनाथ तथा श्रीलंका के महेला जयवर्धने और तिलकरत्‍ने दिलशान को किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा।