यह ख़बर 03 फ़रवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

आईपीएल नीलामी : मैक्सवेल की जोरदार बोली, पोंटिंग व क्लार्क सस्ते में बिके

खास बातें

  • इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के छठे संस्करण के लिए रविवार को हुई नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल के लिए सबसे अधिक 10 लाख डॉलर की बोली लगी।
चेन्नई:

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के छठे संस्करण के लिए रविवार को हुई नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल के लिए सबसे अधिक 10 लाख डॉलर की बोली लगी।

श्रीलंका के अजंथा मेंडिस तथा थिसारा परेरा को भी अच्छी कीमत मिली, वहीं नामी खिलाड़ी माइकल क्लार्क और रिकी पोंटिंग को आधार कीमत से ज्यादा रकम नहीं मिल पाई।

आईपीएल की नौ टीमों ने उपलब्ध 108 खिलाड़ियों में से 37 को खरीदा और इसके लिए 1.18 करोड़ डॉलर खर्च किए। 37 खिलड़ियों में मैक्सवेल सबसे ज्यादा रकम हासिल करने वाले खिलाड़ी रहे।

भारतीय खिलाड़ियों में अभिषेक नायर को सर्वाधिक 6.75 लाख डॉलर हासिल हुए।

रविवार को हुई नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का जहां दबदबा रहा वहीं श्रीलंका के खिलाड़ी भी पीछे नहीं रहे।  

चौबीस वर्ष के युवा खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल को अपनी आधार कीमत(200,000 डॉलर) से पांच गुना कीमत पर खरीदा गया जो सर्वाधिक आधार कीमत वाले रिकी पोंटिंग(400,000 डॉलर) से भी ज्यादा है।

मुंबई इंडियंस टीम के सलाहकार अनिल कुंबले ने कहा, "मैक्सवेल युवा हैं, बेहद प्रतिभाशाली हैं तथा उन्हें खेलते हुए देखना बहुत ही रोमांचक है। हमारी टीम में उनका होना बहुत ही अच्छी बात है।"

श्रीलंकाई खिलाड़ियों की नीलामी सबसे चौंकाने वाली रही। अच्छे फार्म में चल रहे स्पिन गेंदबाज रंगना हेराथ में किसी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई वहीं पुणे वॉरियर्स ने अजंथा मेंडिस को 725,000 डॉलर में खरीदा। इसके लिए पुणे वॉरियर्स को मुंबई इंडियंस तथा कोलकाता नाइट राइडर्स से कड़ी टक्कर लेनी पड़ी। मेंडिस की आधार कीमत 50,000 डॉलर थी।

इतनी ही आधार कीमत वाले थिसारा परेरा को सनराईजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस तथा चेन्नई सुपर किंग्स से चली कड़ी बोली के बीच 675,000 डॉलर कीमत पर अपने साथ जोड़ा।

वहीं रूद्र प्रताप सिंह को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 400,000 डॉलर में खरीदा। उनकी आधार कीमत एक लाख डॉलर थी। चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराईजर्स हैदराबाद की टीमें भी रूद्र प्रताप सिंह को लेने के लिए इच्छुक थीं।

मुंबई के लिए घरेलू मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले नायर को पुणे वॉरियर्स ने 675,000 डॉलर में खरीदा। नायर के लिए छह फ्रेंचाइजी टीमों ने बोली लगाई।

तेज गेंदबाज मनप्रीत गोनी तथा जयदेव उनादकत को भी अच्छी कीमत मिली। गोनी को जहां आईपीएल में पहली बार शामिल होने वाली टीम सनराईजर्स हैदराबाद ने 500,000 डॉलर में खरीदा वहीं उनादकत को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 25,000 डॉलर की कीमत पर खरीदा।

तेज गेंदबाज पंकज सिंह के लिए रॉयल चैलेंजर्स ने 150,000 डॉलर की बोली लगाई और सुदीप त्यागी को सनराईजर्स हैदराबाद टीम ने एक लाख डॉलर कीमत के साथ टीम का हिस्सा बनाया।

अपेक्षाओं के विपरीत ऑस्ट्रेलिया के नामी खिलाड़ी रिकी पोंटिंग और माइकल क्लार्क सस्ते में बिके। पोंटिंग को मुंबई इंडियंस ने खरीदा। पोंटिंग और क्लार्क की आधार कीमत चार लाख डॉलर थी और उन्हें इसी कीमत पर खरीदा गया। पोंटिंग जहां मुंबई इंडियंस से जुड़े वहीं क्लार्क पुणे वॉरियर्स से जुड़े।   

ल्यूक पामर्सबैक को किंग्स इलेवन पंजाब ने तीन लाख डॉलर में खरीदा। ल्यूक की आधार कीमत 50 हजार डॉलर थी।

ऑस्ट्रेलिया के फिलिप ह्यूज को मुंबई इंडियंस ने एक लाख डॉलर में हासिल किया। उनकी आधार कीमत भी यही थी।

ऑस्ट्रेलिया के ही गेंजबाज जेम्स फॉल्कनर को राजस्थान रॉयल्स ने चार लाख डॉलर में खरीदा। इनकी आधार कीमत एक लाख डॉलर थी।

मोएजेज हेनरिक्स को रायल चैलेंजर्स ने तीन लाख डॉलर में खरीदा। इनकी आधार कीमत एक लाख डॉलर थी।

दक्षिण अफ्रीका की ट्वेंटी-20 टीम के कप्तान जोहान बोथा तीन लाख डॉलर की आधार कीमत पर नीलामी में शामिल हुए और दिल्ली डेयरडेविल्स ने 450,000 डॉलर कीमत पर उन्हें अपने साथ जोड़ा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कुल मिलाकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने सात, सनराइजर्स ने छह, चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच, मुंबई इंडियंस ने पांच, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली डेयरडेविल्स ने तीन-तीन और किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइटराइडर्स ने दो-दो खिलाड़ी खरीदे।