टीम इंडिया के इस खिलाड़ी की तारीफ करते नहीं थक रहे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी

टीम इंडिया के इस खिलाड़ी की तारीफ करते नहीं थक रहे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी

विराट कोहली और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

विराट कोहली जब भी मैदान पर उतरते हैं, कुछ खास कर देते हैं। टीम इंडिया के संकटमोचक तो वो बन ही गए हैं... लेकिन एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ़ मैन ऑफ़ द मैच खिताब जीतकर कोहली ने पिछले 5 टी-20 मैचों में तीसरी बार इस सम्मान को पाया जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

विराट कोहली, जब भी भारतीय टीम मुश्किल में होती है तो यही नाम पुकारती है। जब भी टीम को संकट से उबारना होता है, तो यही नाम सामने आता है। आम खिलाड़ी उम्मीदों के ऐसे दबाव में अक्सर बिखर जाते हैं लेकिन विराट नहीं। उन्हें मुश्किल परिस्थितियों से ही भारत को उबारने में ज्यादा मज़ा आता है।

भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी विराट की तारीफ़ करते नहीं थकते। धोनी कहते हैं कि "समय के साथ देखें तो विराट काफ़ी परिपक्व हो गए हैं। उन्हें खेल की ज्यादा समझ हो गई है। वो ऐसे खिलाड़ी हैं जो ट्रेनिंग पर खासा ध्यान देते हैं और वो काफ़ी फ़िट हैं। इन सभी बातों का योगदान होता है। कुल मिलाकर हमारे लिए वो शानदार साबित हुए हैं।"

इस साल विराट का टी-20 रिकॉर्ड देखें तो वो अविश्वसनीय लगता है। विराट ने इस साल 6 टी-20 मैच खेले हैं। इन मैचों में विराट का प्रदर्शन देखिए।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ खेले तीन टी-20 मैचों में विराट ने बनाए
55 गेंद में 90 रन नाबाद।
44 गेंद पर 59 रन नाबाद।
36 गेंद में 50 रन।
फिर एशिया कप के तीन मैचों में
12 गेंद में 7 रन।
51 गेंद में 49 रन और
47 गेंद में 56 रन नाबाद।

यानी पिछली 6 पारियों में से विराट ने 4 में अर्धशतक लगाया है। 4 बार उन्हें मैन ऑफ़ द मैच से सम्मानित किया गया है और ये सभी 6 मैच भारत ने जीते हैं।

अब इस साल विराट की टी-20 औसत देखिए 103.66
6 मैचों में विराट के नाम 311 रन है, स्ट्राइक रेट 132.90 की है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

खास बात ये कि इसमें गेंदबाज़ों के लिए मददगार पिच पर 150 किमी प्रति घंटा की रफ़्तार वाले गेंदबाज़ों का डटकर सामना करने से लेकर 200 रनों का सफलता पूर्वक पीछा करने वाली ताबड़तोड़ पारियां शामिल हैं। इसके बाद विराट को अगर इस फ़ॉर्मेट का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ कहा जाए, तो वो गलत नहीं होगा।