यह ख़बर 07 जुलाई, 2013 को प्रकाशित हुई थी

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हुए 32 के

खास बातें

  • बीसीसीआई ने उनके ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘अपने कप्तान को जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनायें। ‘हैपी बर्थडे माही’।’ धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने 2007 में ट्वेंटी-20 विश्व चैम्पियनशिप, 2011 में वन-डे विश्वकप और 2013 में चैम्पियंस ट्रॉफी अपने नाम की।
नई दिल्ली:

भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान माने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने रविवार को अपना 32वां जन्मदिन मनाया।

बीसीसीआई ने उनके ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘अपने कप्तान को जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनायें। ‘हैपी बर्थडे माही’।’’ धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने 2007 में ट्वेंटी-20 विश्व चैम्पियनशिप, 2011 में वन-डे विश्वकप और 2013 में चैम्पियंस ट्रॉफी अपने नाम की। वह अभी त्रिकोणीय एक-दिवसीय शृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम के साथ वेस्टइंडीज में हैं।

कप्तान हालांकि इस समय मांसपेशियों में खिंचाव की चोट से उबर रहे हैं जो उन्हें मौजूदा शृंखला में लग गई थी, जिसमें तीसरी टीम श्रीलंका है।

धोनी ने 2004-05 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने करियर का आगाज किया था, लेकिन यह बहुत ही खराब शुरूआत रही थी क्योंकि झारखंड का यह खिलाड़ी शून्य पर रन आउट हो गया था।

लेकिन इसके बाद उनके करियर का ग्राफ सिर्फ ऊपर ही चढ़ा है और वह इस समय देश के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं।

पूर्व भारतीय खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने ट्वीट किया, ‘‘धोनी के दिमाग में क्या चलता है, इसे पता करना बहुत मुश्किल है। लेकिन मुझे लगता है कि वह जब युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाता है तो वह उनका जज्बा देखता है।’’

आईपीएल ने भी चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान को जन्मदिन की बधाई दी और ट्वीट किया, ‘‘आपको आने वाले वर्षों में बहुत-बहुत खुशी और सफलता मिले। जन्मदिन की बधाई।’’

इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने अभी तक 77 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 39.70 के औसत से 4209 रन जुटाये हैं। एक-दिवसीय मैचों में उन्हें ‘गेम-चेंजर’ माना जाता है, उन्होंने 225 वन-डे मैचों में 51.13 के औसत से 7313 रन बनाए हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

धोनी भले ही सफल और लोकप्रिय हों, लेकिन उनके साथ कुछ विवाद भी जुड़े रहे हैं। हाल में एक खिलाड़ी प्रबंधन फर्म के साथ उनकी हिस्सेदारी में ‘हितों के टकराव’ का मामला सामने आया था। इस फर्म से कप्तान सहित कुछ भारतीय खिलाड़ी जुड़े हैं।