यह ख़बर 19 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

महेंद्र सिंह धोनी 300 शिकार करने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बने

फाइल फोटो

नेपियर:

भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 300 से अधिक शिकार करने वाले दुनिया के चौथे और भारत के पहले विकेटकीपर बन गए।

धोनी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले एकदिवसीय मैच में रोस टेलर का कैच लेकर यह उपलब्धि हासिल की। अब तक 239 वन-डे मैच खेलने वाले धोनी के नाम पर अब 301 शिकार दर्ज हैं, जिनमें 222 कैच और 79 स्टंप दर्ज हैं। उन्होंने टेलर के बाद ब्रैंडन मैकुलम का भी कैच लिया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वनडे में सर्वाधिक शिकार करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट (472) के नाम पर है। उनके बाद दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर (424) और श्रीलंका के कुमार संगकारा (424) का नंबर आता है। धोनी ने अब तक 79 स्टंप आउट किए हैं और वह इस मामले में संगकारा (87) के बाद दूसरे स्थान पर हैं। संगकारा के नाम पर वैसे कुल 443 शिकार दर्ज हैं। उन्होंने केवल सामान्य क्षेत्ररक्षक के रूप में 19 कैच लिए हैं। धोनी ने भारत की तरफ से 295 शिकार किए हैं। उन्हें छह शिकार एशिया एकादश की तरफ से अफ्रीका एकादश के खिलाफ किये थे। उन्होंने सर्वाधिक 78 शिकार श्रीलंका के खिलाफ किये हैं। इसके अलावा धोनी न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वाधिक कैच लेने वाले भारतीय कप्तानों में मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी पर आ गए हैं। ब्रैंडन मैकुलम का कैच धोनी का कीवी टीम के खिलाफ नौवां कैच था।