यह ख़बर 15 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

धोनी, सहवाग के बीच मतभेद सुलझ गए हैं : गांगुली

खास बातें

  • पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि वर्तमान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और वीरेंद्र सहवाग ने अपने मतभेदों को सुलझा लिया है।
कोलकाता:

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि वर्तमान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और वीरेंद्र सहवाग ने अपने मतभेदों को सुलझा लिया है। गांगुली ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से कहा कि उन्होंने सहवाग से बात की जिन्होंने कहा कि धोनी और उनके बीच सब कुछ सुलझ गया है।

ऑस्ट्रेलिया में त्रिकोणीय श्रृंखला के दौरान तीन सलामी बल्लेबाजों सचिन तेंदुलकर, सहवाग और गौतम गंभीर के लिए रोटेशन नीति अपनाने के कारण धोनी और सहवाग के बीच मतभेद की रिपोर्ट आई थी। गांगुली से जब पूछा गया कि ऐसा माना जा रहा है कि धोनी कई खिलाड़ियों को मौका नहीं दे रहे हैं और फिक्स टीम के साथ खेलना पसंद करते हैं, उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक कप्तान अलग तरह का होता है और कोई भी कप्तान परफेक्ट नहीं होता। हो सकता है कि धोनी को विश्वास हो कि यह टीम जीत सकती है क्योंकि कोई भी कप्तान हारना नहीं चाहता है।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गांगुली से पूछा गया कि यदि वह कप्तान होते तो क्या मनोज तिवारी और अशोक डिंडा का मौका देते, उन्होंने कहा, ‘‘मैं शायद उन्हें मौका देता लेकिन उम्मीद है धोनी भी इन खिलाड़ियों को मौका देंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल की टीम में तीन अच्छे खिलाड़ी हैं मनोज, डिंडा और रिद्धिमान साहा। वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं। यह बंगाल के लिए अच्छा संकेत है। इसके अलावा मोहम्मद समी भी अच्छा खिलाड़ी है।’’