यह ख़बर 09 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

गेल के आगे सब फेल, बेंगलूर ने रौंदा मुंबई

खास बातें

  • विस्फोटक तेवरों के धनी क्रिस गेल ने अपने चिर परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए बुधवार को नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली जिससे रायल चैलेंजर्स बेंगलूर ने इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियन्स को नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर प्ले ऑफ के लिये अपना दावा मजबूत कि
मुंबई:

विस्फोटक तेवरों के धनी क्रिस गेल ने अपने चिर परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए बुधवार को नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली जिससे रायल चैलेंजर्स बेंगलूर ने इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियन्स को नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर प्ले ऑफ के लिये अपना दावा मजबूत किया।

मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाज रन बनाने के लिये तरसते रहे। उसकी टीम टास गंवाने के बाद पहले दस ओवरों में 50 रन तक भी नहीं पहुंच पायी थी लेकिन आखिर में उसने छह विकेट पर 141 रन बनाये। गेल ने हालांकि इसे बौना साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने 59 गेंद पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन बनाये। गेल ने कप्तान विराट कोहली (25 गेंद पर 36 रन: के साथ 94 रन की अटूट साझेदारी की जिससे बेंगलूर ने 18 ओवर में एक विकेट पर 142 रन बनाकर जीत दर्ज की। गेल आईपीएल पांच में 500 रन की संख्या छूने वाले पहले बल्लेबाज भी बने। बेंगलूर के इस जीत से 12 मैच में 13 अंक हो गये हैं और वह अंकतालिका में सातवें से उछलकर चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

मुंबई इंडियन्स के 12 मैच में 14 अंक हैं और वह पहले की तरह तीसरे स्थान पर है। मुंबई इंडियन्स का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया जिसका आखिर में उसे खामियाजा भुगतना पड़ा। उसकी तरफ से दिनेश कार्तिक ने सर्वाधिक 44 रन बनाये। सचिन तेंदुलकर (27 गेंद पर 24), अंबाती रायुडु (17 गेंद पर 22), कीरोन पोलार्ड (13 गेंद पर नाबाद 21) और कप्तान हरभजन सिंह (12 गेंद पर नाबाद 20) भी दोहरे अंक में पहुंचे।

मुंबई को आखिर में पहली सफलता बायें हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने दिलायी। दिलशान (25 गेंद पर 19 रन) को अंपायर बिली बोडेन ने विकेट के पीछे गलत आउट दिया क्योंकि तब गेंद उनके बल्ले से लगकर नहीं गयी थी। गेल ने ओझा के अगले ओवर में मिडविकेट, स्क्वायर लेग और लांग आफ पर लगातार तीन छक्के जड़कर गेंद और रनों के बीच का अंतर कम कर दिया। इनमें से तीसरे छक्के से उन्होंने टूर्नामेंट का छठा अर्धशतक पूरा किया। कोहली को भी उनसे प्रेरणा मिली और उन्होंने पोलार्ड की फाइन लेग पर छह रन के लिये पहुंचा दी।

गेल ने भी हमवतन कैरेबियाई पोलार्ड को यही सबक सिखाया। गेल ने रोहित शर्मा पर छठा छक्का लगाया जबकि कोहली ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर विजयी छक्का जड़ा। इससे पहले बेंगलूर के गेंदबाज हावी रहे और उन्होंने शुरू से ही मुंबई के बल्लेबाजों पर अंकुश लगा दिया। बेंगलूर की तरफ से मुथया मुरलीधरन, हषर्ल पटेल और आर विनयकुमार ने दो-दो विकेट लिये।

मुंबई का स्कोर दो विकेट पर दो रन था। तेंदुलकर ने छठे ओवर में विनयकुमार की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद को सीमा रेखा के पार भेजकर मुंबई के प्रशंसकों को उत्साहित किया। सचिन ने पटेल पर भी चौका लगाया लेकिन अगली गेंद हवा में खेलकर वह गेंदबाज को वापस आसान कैच थमा गये।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मुंबई की टीम 11वें ओवर में 50 रन पर पहुंची। इसके बाद रायुडु के बल्ले से पारी का पांचवां चौका निकला। कार्तिक ने 13वें ओवर में पहला छक्का लगाया। पटेल के अगले ओवर में दो चौके लगे लेकिन उन्होंने रायुडु को डगआउट में भी पहुंचाया। मुरलीधरन ने कार्तिक और मुंबई की चेन्नई सुपरकिंग्स पर जीत के नायक ड्वेन स्मिथ (2) को लगातार गेंद पर आउट किया। कार्तिक ने 39 गेंद खेली तथा तीन चौके और एक छक्का लगाया। हरभजन ने 19वें ओवर में जहीर पर दो चौके लगाये। जहीर ने भले ही विकेट नहीं लिया लेकिन उन्होंने चार ओवर में 16 रन दिये। चोट से उबरने के बाद वापसी करने वाले पोलार्ड ने आखिरी ओवर में विनयकुमार पर लगातार दो छक्के जमाये।