यह ख़बर 10 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

मुंबई हमलों के बाद जड़ा शतक है सचिन को सबसे ज्यादा पसंद

खास बातें

  • तेंदुलकर के नाम भले ही शतकों का शतक दर्ज है, लेकिन उन्हें 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में लगाया गया अपना शतक सबसे ज्यादा पसंद है, क्योंकि यह मुबंई हमलों के बाद जड़ा गया था।
दुबई:

सचिन तेंदुलकर के नाम भले ही शतकों का शतक दर्ज है, लेकिन उन्हें साल 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में लगाया गया अपना शतक सबसे ज्यादा पसंद है, क्योंकि यह मुबंई हमलों के बाद जड़ा गया था।

दुबई में एक कार्यक्रम में सचिन ने इस बात का खुलासा किया। चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ यह टेस्ट मैच मुंबई हमलों के बाद खेला गया पहला क्रिकेट मैच था। सचिन ने इस मैच में 103 रनों की अपनों नाबाद पारी को मुंबई हमलों के पीड़ितों के नाम समर्पित किया था।

इस महान बल्लेबाज ने हालांकि यह भी कहा कि 1992 में पर्थ में लगाया गया शतक भी क्रिकेट के लिहाज से उनके पसंदीदा शतकों में शामिल है। इस मौके पर सचिन ने अपनी बचपन की यादें भी साझा कीं और कहा कि बचपन से ही वह सुनील गावस्कर को अपना आदर्श मानते रहे। उन्होंने कहा कि वह विवियन रिचर्ड्स की पारियों को अचंभित होकर देखते थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पाकिस्तान के खिलाफ करियर के अपने पहले मैच के बारे में सचिन ने कहा कि वकार यूनुस की गेंद पर उन्हें चोट लग गई और नाक से खून बहने लगा, लेकिन उन्होंने सोचा कि इससे बुरा अब कुछ नहीं हो सकता और अगर मैं इसका सामना कर लेता हूं तो मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल सकूंगा।