भारत-जिम्बाब्वे के बीच हुए रोमांचक मैच में बने ये रिकॉर्ड

भारत-जिम्बाब्वे के बीच हुए रोमांचक मैच में बने ये रिकॉर्ड

नई दिल्ली:

ज़िम्बाब्वे के खिलाफ़ आखिरी गेंद पर मिली भारत की जीत बेहद रोमांचक रही। जीत के साथ ही सीरीज़ में भारत अब 1-0 से आगे हो गया है। आंकड़ों के लिहाज़ से भी इस मैच में कई दिलचस्प पहलू सामने आए।

124* रनों की पारी अंबाती रायुडू की वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले उन्होंने पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ़ 121 रन बनाए थे। इतना ही नहीं ज़िम्बाब्वे के खिलाफ़ रायुडू का प्रदर्शन लाजवाब है। उन्होंने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ़ 4 पारियों में 112.5 की औसत से 225 रन बनाए हैं।

77 रन की स्टुअर्ट बिन्नी की पारी वनडे क्रिकेट में उनकी सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले बिन्नी बल्ले के साथ काफी नाकाम रहे थे। पिछली 7 पारियों में बिन्नी ने 21.60 की औसत से सिर्फ़ 108 रन बनाए।

160 रनों की साझेदारी बनाकर रायुडू और बिन्नी ने नया रिकॉर्ड बनाया। छठे विकेट के लिए भारत का ये नया कीर्तिमान है। इससे पहले धोनी और युवराज सिंह की जोड़ी ने इसी मैदान पर ही 10 साल पहले 158 रनों की साझेदारी निभाई थी।

4 रनों की हार अपने घर में ज़िम्बाब्वे की सबसे छोटी हार है। टीम पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ 1 रन से, ऑकलैंड में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ 2 रन से, एडिलेड में भारत के खिलाफ़ 3 रन से हार चुकी है लेकिन अपने घर में टीम कभी भी इतने करीब आकर नहीं चूकी थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

2 मैच में लगातार शतक बनाकर ज़िम्बाब्वे के कप्तान एल्टन चिंगुम्बुरा ने अपने शानदार फ़ॉर्म का ऐलान कर दिया है। इससे पहले उन्होंने 160 पारियां खेली थीं, जिनमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 90 रनों का था। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ़ पिछले मैच में उन्होंने 117 रन और अब भारत के खिलाफ़ 104* रनों की पारी खेलकर लगातार 2 शतक जड़ दिए हैं।