अब महेंद्र सिंह धोनी ने सचिन तेंदुलकर को कहा भगवान

अब महेंद्र सिंह धोनी ने सचिन तेंदुलकर को कहा भगवान

महेंद्र सिंह धोनी और सचिन तेंदुलकर (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

सचिन तेंदुलकर को उनके फैंस क्रिकेट का भगवान मानते हैं। अब भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि सचिन तेंदुलकर उनके लिए भगवान की तरह हैं।
 
धोनी ने सचिन तेंदुलकर को अपना आदर्श बताते हुए कहा है, जब हम बड़े हो रहे थे तो हम सचिन तेंदुलकर को खेलते हुए देखते थे। वे हम सबके लिए भगवान के समान थे। उनके आसपास ऐसा आभामंडल मौजूद था।

धोनी के मुताबिक, सचिन तेंदुलकर एक आदर्श रोल मॉडल हैं, क्योंकि वे कामयाबी के बावजूद विनम्र बने हुए हैं। धोनी ने ये सारी बातें अपने अमेरिका प्रवास के दौरान न्यूजर्सी में कहीं। वे उत्तर अमेरिकी बिहार झारखंड संघ द्वारा सम्मान समारोह के दौरान धोनी ने ये बातें कहीं।
 
वेब पोर्टल अमेरिकन बाजार ने धोनी का एक संक्षिप्त वीडियो शेयर किया है, जिसमें धोनी सचिन तेंदुलकर की तारीफ करते हुए नज़र आ रहे हैं।
 
इस वीडियो में धोनी कहते हैं, सचिन जब भी मैदान पर खेलने उतरते थे, वे क्रिकेटर के तौर पर हमेशा ख़ुद में सुधार करना चाहते थे। मुझे लगा कि इनसे सीखना चाहिए और मैंने वही किया।

धोनी से इस मौके पर पूछा गया कि वे क्रिकेट के मैदान पर अपनी वापसी कब करेंगे तो उन्होंने कहा, आप मुझे अक्टूबर में क्रिकेट के मैदान पर देख पाएंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम अक्टूबर महीने में भारत के दौरे पर आ रही है। इस दौरान वनडे और टी20 मैचों के दौरान धोनी मैदान में नजर आएंगे।