यह ख़बर 07 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

श्रीकांत ने धोनी की कप्तानी का बचाव किया, बल्लेबाजों पर दोष मढ़ा

खास बातें

  • मुख्य चयनकर्ता श्रीकांत ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के हाथों लगातार दो हार का आलोचनाओं के शिकार धोनी की कप्तानी से अधिक खराब बल्लेबाजी से रिश्ता है।
चेन्नई:

मुख्य चयनकर्ता कृष्णामचारी श्रीकांत ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के हाथों लगातार दो शिकस्त का आलोचनाओं का शिकार महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी से अधिक खराब बल्लेबाजी से रिश्ता है।

श्रीकांत ने कहा, ‘‘हमारे बल्लेबाज एक इकाई के रूप में प्रदर्शन नहीं कर पाए। यह थोड़ा हैरान करने वाला है, क्योंकि हमें ऑस्ट्रेलिया में अच्छे प्रदर्शन का भरोसा था। लेकिन हमें स्वीकार करना होगा कि ऑस्ट्रेलिया ने हमसे बेहतर क्रिकेट खेला। बहाने ढूंढने का प्रयास करने का कोई मतलब नहीं है और हमें आगे बढ़ना चाहिए।’’

इयान चैपल और वसीम अकरम जैसे पूर्व महान खिलाड़ियों की आलोचना का शिकार धोनी की कप्तानी के बारे में पूछने पर श्रीकांत ने कहा कि खराब प्रदर्शन के लिए सिर्फ उनकी कप्तानी को जिम्मेदार ठहराना अनुचित होगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा, ‘‘देखिए, जब आप हारते हैं, तो आप किसी भी चीज को कारण बता सकते हैं। लेकिन धोनी ईमानदार था कि उसने बहाने नहीं बनाए। उसने स्वीकार किया कि हमारे बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और उन्होंने सिर्फ टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया।’’