जानिए किस मामले में कोहली पहुंचे तेंदुलकर के करीब, पीछे रह गए कई खिलाड़ी

जानिए किस मामले में कोहली पहुंचे तेंदुलकर के करीब, पीछे रह गए कई खिलाड़ी

विराट कोहली (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली की तुलना को लेकर अक्सर खबरें बनती रहती हैं। पिछले कुछ दिनों से विराट कोहली इतना शानदार खेल रहे हैं कि लोग कोहली की सचिन के साथ तुलना करने लगे हैं। कई पूर्व और वर्तमान क्रिकेटर भी विराट के इस शानदार प्रदर्शन से इतना प्रभावित हैं कि उन्हें विराट के अंदर सचिन तेंदुलकर की क्रिकेट दिखाई देने लगी है। इसमें कोई संदेह नहीं मौजूदा दौर में विराट कोहली दुनिया के सबसे बेहतरीन टी-20 खिलाड़ी हैं, लेकिन सचिन और विराट की तुलना बेकार है। विराट को सचिन के करीब पहुंचने के लिए सिर्फ टी-20 नहीं बल्कि टेस्ट और एकदिवसीय मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन करना पड़ेगा।

ट्विटर पर फॉलोअर्स के मामले में विराट पहुंचे सचिन के करीब
कोहली के प्रशंसकों के लिए एक अच्छी खबर है कि विराट कोहली एक मामले में सचिन तेंदुलकर के काफी करीब पहुंच चुके हैं और वह है ट्विटर। अगर ट्विटर पर दोनों के फॉलोअर्स की बात की जाए तो विराट कोहली सचिन तेंदुलकर से ज्यादा दूर नहीं हैं। यह भी हो सकता कुछ दिनों में वह सचिन से भी आगे निकल जाए। सचिन तेंदुलकर के ट्विटर अकाउंट को 1 करोड़ 10 लाख से थोड़ा ज्यादा लोग फॉलो कर रहे हैं तो विराट कोहली को 1 करोड़ 9 लाख लोग। पिछले कुछ दिनों से ट्विटर पर विराट कोहली के फॉलोअर्स काफी बढ़ गए हैं।

दुनिया के सभी क्रिकेट कप्तानों से आगे हैं विराट
विराट कोहली ट्विटर पर सबसे ज्यादा लोकप्रिय क्रिकेटर हैं। इस मामले में वह दुनिया के सभी क्रिकेट कप्तानों को पीछे छोड़ चुके हैं। दुनिया के बड़े-बड़े देशों के क्रिकेट कप्तानों के कुल मिलाकर जितने फॉलोअर हैं उसे ज्यादा विराट कोहली के हैं। इंग्लैंड का कप्तान इयोन मॉर्गन को 5 लाख 12 हज़ार फैन फॉलो करते हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ के छह लाख 85 हज़ार फॉलोअर हैं। साउथ अफ्रीका के कप्तान एबी डिविलयर्स के 35 लाख 58 हज़ार के करीब फॉलोअर हैं। पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद के दो लाख 28 हज़ार फॉलोअर्स। श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज को एक लाख एक हज़ार लोग फॉलो करते हैं। अगर वेस्टइंडीज के लोकप्रिय खिलाड़ी क्रिस गेल की बात की जाए तो गेल को ट्विटर पर 31 लाख के करीब फैन फॉलो करते हैं।

धोनी और रैना से कोहली काफी आगे निकल गए
ट्विटर पर फॉलोअर्स के मामले में भारत के कई जानेमाने क्रिकेटरों से आगे हैं विराट कोहली। टीम इंडिया के कप्तान और सबसे अच्छे विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी से भी विराट कोहली आगे हैं। महेंद्र सिंह धोनी को ट्विटर पर 54 लाख के करीब लोग फॉलो करते हैं यानी कोहली को धोनी से 65 लाख से भी ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। थोड़ा हैरान करने वाली बात यह है कि सुरेश रैना को महेंद्र सिंह धोनी से भी ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। रैना के ट्विटर पर करीब 63 लाख फैन हैं। युवराज सिंह के ट्विटर पर 40 लाख के करीब फैन हैं।

फेसबुक पेज पर कोहली ने सचिन को पीछे छोड़ा
अगर फेसबुक फॉलोअर्स की बात की जाए तो विराट ने सचिन को पीछे छोड़ दिया है। कोहली के फेसबुक पेज को करीब 2 करोड़ 29 लाख लोग लाइक कर चुके हैं जबकि सचिन के फेसबुक पेज को 2 करोड़ 7 लाख लाइक मिले हैं। महेंद्र सिंह धोनी के फेसबुक पेज को 1 करोड़ 73 लाख के करीब लोग लाइक कर चुके हैं। युवराज सिंह के फेसबुक पेज को 1 करोड़ 20 लाख के करीब लोग लाइक कर चुके हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com