टेस्‍ट क्रिकेट में 'विराट' ऊंचाई की ओर कोहली, 2016 में दो शतक बनाए और दोनों दोहरे शतक

टेस्‍ट क्रिकेट में 'विराट' ऊंचाई की ओर कोहली, 2016 में दो शतक बनाए और दोनों दोहरे शतक

विराट कोहली ने इस साल दो दोहरे शतक जमाए हैं...

खास बातें

  • विराट ने अब सेट होने के बाद बड़ी पारी खेलने की आदत डाल ली है
  • अब तक तीन बार पहुंचे हैं 150 के पार, दो बार दोहरे शतक बनाए
  • पहला दोहरा शतक इसी साल इंडीज के खिलाफ एंटीगा में बनाया था

विराट कोहली टेस्‍ट क्रिकेट में नए आयाम स्‍थापित करने को तैयार हैं. वर्ष 2016 में जिस तरह से बल्‍लेबाजी कर रहे हैं, उससे लगता है कि उन्‍होंने विकेट पर निगाह जमने के बाद बड़ी पारियां खेलने की आदत डाल ली है. टेस्‍ट क्रिकेट में विराट की इमेज अब तक अच्‍छे स्‍ट्राइक रेट के साथ शतक बनाने वाले बल्‍लेबाज की रही है, लेकिन लगता है अब उन्‍होंने शतक को दोहरे शतक और दोहरे शतक को इससे भी बड़े स्‍कोर (हो सकता है भविष्‍य में उनके बल्‍ले से तिहरा शतक भी निकले) में बदलना सीख लिया है.

इस लिहाज से वर्ष 2016 विराट के लिए महत्‍वपूर्ण वर्ष साबित हुआ है. इस साल टीम इंडिया के कप्‍तान के बल्‍ले से केवल दो टेस्‍ट निकले हैं और दोनों ही दोहरे. संयोग से यह विराट के इंटरनेशनल करियर के पहले दो दोहरे शतक हैं. न्‍यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर के दोहरे शतक से पहले विराट ने अपना पहला दोहरा शतक वेस्‍टइंडीज के खिलाफ एंटीगा में बनाया था. तब उन्‍होंने  283 गेंद पर 24 चौकों की मदद से पूरे 200 रन बनाए थे. इस पारी में उनका स्‍ट्राइक रेट 70.67 का रहा था. इंदौर टेस्‍ट में विराट ने अपने करियर का दूसरा दोहरा शतक जमाया. इसके साथ विराट कोहली कप्‍तान रहते हुए दो बार दोहरा शतक जमाने एकमात्र भारतीय बल्‍लेबाज बन गए हैं. विराट आखिरकार 211 रन बनाकर आउट हुए. इस दौरान उन्‍होंने 366 गेंदों का सामना लिया और 20 चौके जमाए.

अब तक केवल तीन बार पहुंचे हैं 150 के पार
विराट टेस्‍ट में अब तक केवल तीन बार 150 की रनसंख्‍या के पार पहुंचे हैं, इनमें से दो बार इस रनसंख्‍या को दोहरे शतक में तब्‍दील करने में कामयाब हुए हैं. 150 और 200 के बीच के स्‍कोर पर वे केवल एक बार आउट हुए हैं. यह मौका वर्ष 2014 में आया था तब विराट कोहली 169 रन (24 चौके, 272 गेंद, स्‍ट्राइक रेट 62.13 ) के स्‍कोर पर मिचेल जॉनसन का  शिकार बन गए थे.

विराट कोहली के 13 टेस्‍ट शतकों पर नजर..
 
रन        विरुद्ध    तिथि और वर्ष    स्‍थान
211    न्‍यूजीलैंड     8 अक्‍टूबर 2016     इंदौर
200        वेस्‍टइंडीज       21 जुलाई, 2016      नॉर्थ साउंड
169        ऑस्‍ट्रेलिया       26 दिसंबर, 2014       मेलबर्न
147      ऑस्‍ट्रेलिया    6 जनवरी, 2015      सिडनी
141       ऑस्‍ट्रेलिया     9 दिसंबर, 2014    एडिलेड
119         द.अफ्रीका    18 दिसंबर, 2013        जोहानिसबर्ग
116        ऑस्‍ट्रेलिया        24जनवरी, 2012      एडिलेड
115       ऑस्‍ट्रेलिया      9 दिसंबर, 2014      एडिलेड
107       ऑस्‍ट्रेलिया      22 फरवरी, 2013      चेन्‍नई
105*    न्‍यूजीलैंड       14 फरवरी, 2014    वेलिंगटन
103    न्‍यूजीलैंड       31 अगस्‍त, 2012    बेंगलुरू
103    इंग्‍लैंड     13 दिसंबर, 2012        नागपुर
103         श्रीलंका        12अगस्‍त, 2015      गॉल


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com