यह ख़बर 08 मई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

'आशिकी-2' के गायक अंकित तिवारी रेप के आरोप में गिरफ्तार

मुंबई:

पिछले वर्ष रिलीज़ हुई फिल्म 'आशिकी 2' के गीत 'सुन रहा है न तू...' से लोकप्रिय हुए पार्श्वगायक अंकित तिवारी तथा उसके भाई अंकुर तिवारी को मुंबई की वरसोवा पुलिस ने कथित रूप से बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

एक सूत्र के अनुसार, बलात्कार की 28-वर्षीय शिकार फिल्मोद्योग से जुड़ी महिला नहीं है, और वह छुट्टियां मनाने के लिए वरसोवा में रहने वाली अपनी बहन के घर आई थी। अंकित तिवारी की उस महिला से मुलाकात एक मित्र के जरिये हुई, और वे संपर्क में रहने लगे। बताया जाता है कि दोनों भाई पीड़िता की बहन के घर अक्सर जाया करते थे।

पुलिस का कहना है कि वारदात बुधवार रात को हुई। पुलिस ने तथ्यों की पुष्टि किए बिना यह भी बताया कि पीड़िता द्वारा आरोप लगाया गया है कि अंकित और अंकुर उनके घर पहुंचे, जहां अंकुर ने महिला के गले पर चाकू रखकर काबू किया, और अंकित ने उसके साथ बलात्कार किया। महिला के अनुसार, अंकुर ने उसे इस वारदात के बारे में किसी को भी बताने पर बुरे अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

फिलहाल पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है, तथा तफ्तीश जारी है।