यह ख़बर 02 मई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

अभिनेता सुनील शेट्टी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

उदयपुर:

उदयपुर शहर के हिरणमगरी थाने में गुरुवार को फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।

हिरणमगरी थानाधिकारी ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि शेट्टी पर आरोप है कि उन्होंने फिल्म 'मुंबई किसकी है' में काम करने के लिए 70 लाख रुपये तय किए। इसमें से 21 लाख रुपये एडवांस ले लिए। छह महीने बाद सुनील शेट्टी ने फिल्म में काम करने और एडवांस राशि लौटाने से मना कर दिया। इस पर उदयपुर के हिरणमगरी सेक्टर-3 निवासी प्रोड्यूसर हेमेंद्र राजपूत ने मामला दर्ज कराया है। हेमेंद्र बतौर फिल्म निर्माता पहली बार यह फिल्म बनाने जा रहे थे।

थानाधिकारी के अनुसार जून, 2013 में मुंबई के निर्देशक बाबू भट्ट के माध्यम से हेमेंद्र सिंह ने सुनील शेट्टी को 70 लाख रुपये में साइन किया था। कुछ दिन बाद शेट्टी के सहायक आशीष ने एडवांस राशि जमा करवाने व एग्रिमेंट करने की बात कही। उन्होने बताया कि हेमेंद्र ने 10 जुलाई को बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से शेट्टी के खाते में 21 लाख रुपये ट्रांसफर किए।

दर्ज रिपोर्ट के अनुसार सुनील शेट्टी ने फिल्म में काम करने से मना कर दिया, साथ ही एडवांस राशि भी लौटाने से इनकार कर दिया। थानाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि 'मुंबई किसकी है' फिल्म की शूटिंग मुंबई और उदयपुर में होने वाली थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com