अभिनेत्री रिया सेन के घर में लगी आग

अभिनेत्री रिया सेन के घर में लगी आग

रिया और मुनमुन सेन

मुंबई:

मुंबई में अंधेरी स्थित अभिनेत्री रिया सेन के घर में शनिवार देर रात आग लग गई, जिसमें उनका ढेर सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस हादसे के वक्त रिया घर में अपनी मां मुनमुन सेन के साथ मौजूद थीं।

मुंबई के अंधेरी में रुइया पार्क बिल्डिंग की छठी मंजिल पर रिया सेन अपनी मां और पिता के साथ रहती हैं। देर रात करीब डेढ़ बजे रिया के घर में आग लगी। बताया जा रहा है कि इस आग की वजह उनके घर में लगे एसी में हुआ छोटा विस्फोट है।

बीती रात लगभग डेढ़ बजे घर में जब आग लगी, उस समय रिया अपनी मां मुनमुन सेन और पिता के साथ घर पर ही मौजूद थी। उनके साथ घर पर दो नौकरानियां भी थीं। आग लगने के बाद अफरा तफरी फैल गई और इस बीच परिवार बिल्डिंग से नीचे आया। दमकल विभाग ने पहुचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक रिया सेन का घर जल चुका था।

रुइया पार्क में रहने रहने वाले लोगों के मुताबिक, रिया सेन के घर में लगे एसी में धमाका होने की वजह से आग लगी थी और फिर आग पूरे घर में फैल गई।
 
वहीं फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक घर में इलेक्ट्रॉनिक समान, फर्नीचर सब कुछ जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही की आग फ्लैट नंबर 601 और 602 से बाहर नहीं फैली।

फिलहाल आग लगने की सही वजह साफ़ नहीं हुई है और रिया सेन और मुनमुन सेन परिवार सहित अपने किसी करीबी के घर रुकी हुई हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com