यह ख़बर 23 नवंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

बिरजू महाराज को दिया गया लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

बिरजू महाराज को अवॉर्ड देते महाराष्ट्र के गवर्नर विद्या सागर राव

मुंबई:

मुंबई में पंडित बिरजू महाराज को आदित्य बिड़ला कला शिखर लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया। यह सम्मान आदित्य विक्रम बिड़ला संगीत कला केंद्र की तरफ से दिया गया।

महाराष्ट्र के गवर्नर विद्या सागर राव ने पंडित बिरजू महाराज को यह सम्मान प्रदान किया। संगीत कला केंद्र पिछले 18 सालों से संगीत से जुड़ी हस्तियों और संगीत को अलग मुकाम तक पहुंचाने वालों को सम्मानित करता रहा है। इस साल संगीत कला की थीम रही क्लासिकल डांस, जिसके लिए पंडित बिरजू महाराज का नाम चुना गया।

पंडित बिरजू महाराज का नाम भारतीय शास्त्रीय नृत्य बहुत सम्मान के साथ लिया जाता है। इस मौके पर संगीत कला केंद्र के अध्यक्ष राजश्री बिड़ला ने कहा, इस साल हमने इंडियन क्लासिकल डांस को सम्मानित करने के लिए चुना, क्योंकि भारतीय शास्त्रीय नृत्य को दुनिया के कई देशों में बहुत पसंद और सराहा जाता है। यह एक अद्भुत कला है। डांस, एक्सप्रेशन का माध्यम है।

राजश्री बिड़ला ने यह भी कहा कि पंडित बिरजू महाराज 'लिविंग लीजेंड' हैं और इन्हें सम्मानित करते हुए हमें गर्व हो रहा है। इन्होंने कत्थक को दुनिया में पहचान दिलाई है, पंडित जी बेमिसाल हैं।

पंडित बिरजू महाराज के साथ-साथ प्रतीक्षा काशी और राहुल आचार्य को आदित्य विक्रम बिड़ला कला किरण पुरस्कार दिया गया। इन दोनों को भी नृत्य की इस कला को आगे बढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया। इस आयोजन के दौरान रंगारंग कार्यक्रम भी हुए, जिसमें पार्थिव गोहिल ने अपने बैंड के साथ कई गाने सुनाए।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com