मनोज बाजपेयी भी चले फ़िल्म निर्माता बनने

मुंबई : अभिनेता मनोज बाजपई फ़िल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम बढ़ा रहे हैं। उनके प्रोडक्शन हाउस मनोज बाजपई प्रोडक्शन्स प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले पहली फ़िल्म बनने जा रही है, जिसमें मनोज के साथ तब्बू मुख्य भूमिका में होंगी। इस फ़िल्म का टाइटल अब तक तय नहीं हुआ है। मनोज शुरुआती दिनों से ही तब्बू के प्रशंसक रहे हैं और दोनों ने साल 2000 में फिल्म 'दिल पे मत ले यार!!' में एक साथ काम किया था।

बतौर निर्माता मनोज पहली फ़िल्म थ्रिलर बनाने जा रहे हैं, जिसका निर्देशन करेंगे मुकुल अभयंकर। बतौर निर्देशक मुकुल की भी ये पहली फ़िल्म है। मनोज बाजपई ने इस बारे में बात करते हुए ने कहा की "करीब 20 सालों तक अभिनय करने के बाद एक कदम आगे बढ़ने के लिए फ़िल्म निर्माण की तरफ कदम बढ़ाना मेरे लिए स्वाभिक था। मैं फ़िल्म के बारे में या कहानी के बारे में अभी ज़्यादा बात नहीं कर सकता, क्योंकि ये एक थ्रिलर फ़िल्म है।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

ये सही है कि एक्टिंग के बाद अगली मंज़िल होती है निर्देशन या फ़िल्म निर्माण। बॉलीवुड के शुरुआती दौर से ही ऐसा ही चलता आ रहा है। देव आनंद हों या राज कपूर, शाहरुख़ हों या आमिर हर कोई इस परंपरा को निभा रहा है, लेकिन ये भी सच है कि फ़िल्म निर्देशन के लिए कम ही अभिनेता हिम्मत जुटा पाते हैं और रुख करते हैं प्रोडक्शन की तरफ। इस कड़ी में अब मनोज बाजपई भी जुड़ गए हैं जिसमें उनका अभिनय भी जारी रहेगा।