प्रियंका चोपड़ा को डांस रियलिटी शो का जज बनाने की कोशिश

मुंबई:

फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को टीवी के मशहूर डांस रियलिटी शो का जज बनाने की कोशिश की जा रही है और ये कोशिश कर रही हैं एकता कपूर। एकता कपूर ने प्रियंका से इस बारे में बातचीत की है, लेकिन अभी तक प्रियंका की तरफ से हरी झंडी नहीं मिली है।

इससे पहले इस डांस शो को जज कर रहे थे निर्देशक साजिद खान, कोरयोग्राफर टेरेंस लुइस और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी। मगर इस साल इस शो में नए जजों को लाने की तैयारी है।

ख़बरों के अनुसार, बॉलीवुड के दो मशहूर डांस डायरेक्टर से भी बातचीत चल रही है। इसके अलावा शो के निर्माता द्वारा करीना कपूर और विद्या बालन से भी संपर्क किया जा चुका है, लेकिन बात नहीं बनीं। मगर ख़बर है कि अब प्रियंका चोपड़ा से शो को जज कराने के प्रस्ताव पर बातचीत चल रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

फिलहाल, प्रियंका अमेरिका में अपने टीवी शो के लिए व्यस्त हैं। बताया जा रहा है कि अमेरिका से वापस आने के बाद प्रियंका अपनी फिल्मों और दूसरे कामों की व्यस्तता को देखने के बाद ही निर्णय लेंगी कि वह इस डांस शो को जज करेंगी या नहीं। खबर यह भी है इस शो की खुद एकता कपूर भी एक जज बन सकती हैं।
 
अब देखने वाली बात यह है कि प्रियंका भारतीय टीवी का हिस्सा बनती हैं या नहीं और अगर बनती हैं तो किस कीमत पर,क्योंकि कुछ समय पहले जब प्रियंका ने अमेरिकन टीवी शो को साइन किया था और मीडिया से मिलने के बाद उन्होंने कहा था कि उनके लिए भारतीय टीवी शो का हिस्सा बनना मुश्किल है या शायद वह भारतीय टीवी शो का हिस्सा ही न बनें, क्योंकि यहां के निर्माता उनको इतने पैसे नहीं दे पाएंगे, जितनी उनकी कीमत या मांग होगी।