'बाजीराव मस्तानी' में दिखेगा 'मुग़ल-ए-आज़म' जैसा भव्य शीशमहल

'बाजीराव मस्तानी' में दिखेगा 'मुग़ल-ए-आज़म' जैसा भव्य शीशमहल

फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' से एक दृश्य

फ़िल्म मुग़ल-ए-आज़म हर सिनेमा प्रेमी को याद है और जिसने मुग़ल-ए-आज़म देखी है, उसे इस फ़िल्म का शीशमहल भी जरूर याद होगा जिसमें एक गाना फ़िल्माया गया था 'जब प्यार किया तो डरना क्या'। अब ऐसा ही एक शीशमहल संजय लीला भंसाली की फिल्म में नजर आएगा।

दरअसल, संजय लीला भंसाली अपनी फ़िल्म 'बाजीराव मस्तानी' में शीशमहल की तर्ज़ पर एक महल दिखाएंगे। इस महल का नाम है 'आईना महल'। मुग़ल-ए-आज़म के शीशमहल की तरह आईना महल में भी एक गाना फ़िल्माया गया है जिसमें रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा नज़र आएंगे।

इस शीशमहल को बनाने में लगे 40 दिन...

फ़िल्म मुग़ल-ए-आज़म के शीश महल को बहुत ही भव्य सेट बनाया गया था। इसमें कई छोटे-छोटे कांच के टुकड़ों का प्रयोग किया गया था। आईना महल भी वैसे ही कांच के टुकड़ों से बनाया गया है। इसे बनाने में करीब 40 दिन लगे हैं और शीशे के टुकड़ों को राजस्थान के जयपुर से लाया गया है। करीब 20000 कांच के डिज़ाइन किए हुए टुकड़े लगाए गए हैं।

जयपुर के कारीगरों ने मुंबई आकर बनाया...

कांच के इन टुकड़ों को जयपुर के कारीगरों ने मुंबई आकर लगाया है। करीब 12500 स्क्वैयर फुट के आइना महल को सलोनी धत्रक, श्रीराम आयेंगेर और सुजीत सावंत ने डिज़ाइन किया है। इस सेट को डिजाइन करने वाली टीम में से एक डिज़ाइनर सलोनी धत्रक ने एक अख़बार को दिए इंटरव्यू में कहा है कि- हमने आईना महल को मराठा आर्किटेक्चर को ध्यान में रखकर बनाया है। हमने ऐसे शीशों के टुकड़ों का उपयोग किया है जो शूटिंग में बाधा न डालें।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

दरअसल संजय लीला भंसाली बड़ी और कलरफुल फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं। ज़ाहिर है, ये आईना महल उनकी फ़िल्म बाजीराव मस्तानी में कुछ और रंग बिखेरेगा।