शशि कपूर को मिला दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड

मुंबई:

गुज़रे ज़माने के फिल्मस्टार शशि कपूर को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया जा रहा है। दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए दिया जाता है और ये सम्मान इस साल शशि कपूर को दिया जा रहा है। शशि कपूर को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार की खबर आते ही शशि कपूर के पास बधाइयां आनी शुरू हो गईं।

शशि कपूर के भतीजे और फ़िल्म अभिनेता ऋषि कपूर ने ट्विटर पर बधाई दी और खबर की पुष्टि करते हुए लिखा "जी हां..बॉलीवुड में बड़े योगदान के लिए शशि कपूर को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाज़ा जा रहा है। अंकल आप इसके हक़दार थे।"

18 मार्च 1938 को पृथ्वी राज कपूर के घर में जन्मे शशि कपूर ने बतौर बाल कलाकार काम शुरू किया। और 1961 में फ़िल्म 'धर्म पुत्र' से बतौर हीरो बड़े पर्दे पर आए। फ़िल्म 'चोरी मेरा काम', 'फांसी', 'शंकर दादा', 'दीवार', 'त्रिशूल', 'मुकद्दर', 'पाखंडी', 'कभी-कभी' और 'जब जब फूल खिले' जैसी करीब 116 फिल्मों में अभिनय किया। जिसमें 61 फिल्मों में शशि कपूर बतौर हीरो पर्दे पर आए और करीब 55 मलटिस्टारर फिल्मों के हिस्सा बने।

अमिताभ बच्चन के साथ इनकी जोड़ी खूब सराही गई। फ़िल्म इंडस्ट्री में शशि कपूर को कई पुरस्कार मिले। 2011 में भारत सरकार की तरफ से उन्हें पद्मभूषण से भी नवाजा गया। अब बारी थी दादा साहेब फाल्के की।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com