यह ख़बर 10 जुलाई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

फिल्म अदाकारा जोहरा सहगल का 102 साल की उम्र में निधन

फाइल फोटो

नई दिल्ली:

जानी-मानी अभिनेत्री और नृत्य निर्देशक जोहरा सहगल का गुरुवार को 102 साल की उम्र में निधन हो गया।

साल 1935 में एक नृत्यांगना के तौर पर अपने करियर की शुरुआत करने वाली जोहरा को पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा गया था।

उन्होंने मैक्स अस्पताल में शाम करीब 4:30 बजे अंतिम सांस ली।

उनकी बेटी किरण ने बताया, 'दिल का दौरा पड़ने से आज उनका निधन हो गया। वह पिछले तीन-चार दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं।' जोहरा का कल लोधी रोड श्मशान घाट पर दिन में 11 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

रात के समय मशहूर इतिहासकार इरफान हबीब ने ट्वीट करके जोहरा के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा, 'इसकी अभी-अभी पुष्टि हुई है कि जोहरा आपा अब नहीं रहीं।'

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, 'जोहरा सहगल के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। वह अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने वाली महिला थीं। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र को बड़ा नुकसान है।' जोहरा ने 1935 में उदय कुमार के साथ बतौर नृत्यांगना करियर की शुरुआत की। वह चरित्र कलाकार के तौर पर कई हिंदी फिल्मों में नजर आईं। उन्होंने अंग्रेजी भाषा की फिल्मों, टेलीविजन और रंगमंच के जरिये भी अपने अभिनय की छाप छोड़ी।

वह आखिरी बार संजय लीला भंसाली की फिल्म 'सांवरिया' में साल 2007 में नजर आईं। उन्हें 2010 में पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा गया था।

भारतीय सिनेमा जगत में 'लाडली' के नाम से चर्चित जोहरा कई फिल्मों का हिस्सा रहीं। उन्होंने 'हम दिल दे चुके सनम', 'दिल से' और 'चीनी कम' जैसी चर्चित फिल्मों में अभिनय किया।

वह 'इंडियन पीपुल्स थिएटर एसोसिएशन' की सदस्य थीं और वर्ष 1946 में अपनी पहली फिल्म प्रोडक्शन 'धरती के लाल' के जरिये रूपहले पर्दे पर पदार्पण किया। उन्होंने चेतन आनंद की फिल्म 'नीचा नगर' में भी काम किया।

वर्ष 2012 में बेटी किरन ने 'जोहरा सेहगल : फैटी' नाम से जोहरा की जीवनी लिखी।

ओडिशी नृत्यांगना किरन ने दुख जताते हुए कहा कि अपने अंतिम दिनों में उनकी मां को सरकारी फ्लैट तक नहीं मिला, जिसकी उन्होंने मांग की थी।

उन्होंने कहा, 'वह जिंदादिली और ऊर्जा से हमेशा लबालब रहती थीं। मैं अभी विचित्र मन:स्थिति में हूं... लेकिन यह ज्यादा दर्दनाक है कि उनके अंतिम दिनों में, उन्होंने एक सरकारी फ्लैट मांगा था जो उन्हें नहीं मिला।'

इस बीच, जोहरा के निधन की खबर फैलने पर फिल्म जगत ने ट्विटर की मदद से शोक व्यक्त किया।

अभिनेता अमिताभ बच्चन ने लिखा, 'जोहरा सेहगल का 102 वर्ष की उम्र में निधन हो गया.. (उनका) क्या दौर रहा, वह कितनी प्यारी सहअभिनेत्री थीं। मैं उनकी आत्मा की शांति की कामना करता हूं।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने भी इस अभिनेत्री के निधन पर संवेदना व्यक्त की।