यह ख़बर 10 सितंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

अब भी सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं आप पार्टी के विधायक : दिल्ली भाजपा

आप पार्टी द्वारा किए गए स्टिंग का दृश्य

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी के साथ जुबानी जंग जारी रखते हुए भाजपा ने बुधवार को आरोप लगाया कि यह पार्टी 'राजनीतिक नैतिकता का पाठ पढ़ाने' की कोशिश करती है पर इसके कुछ विधायक सरकारी पदों और सरकारी कार का लाभ उठा रहे हैं जबकि उन्होंने संकल्प लिया था कि विधायक को मिलने वाली कोई सुविधा वे नहीं लेंगे।

दिल्ली भाजपा प्रमुख सतीश उपाध्याय ने कहा, 'वे (आप) हमें नैतिकता का पाठ पढ़ाना चाहते हैं, लेकिन पहले उन्हें अपने अंदर झांकना चाहिए। आप के नौ विधायक फिलहाल जिला विकास समितियों के अध्यक्ष पदों पर हैं और सरकारी कार्यालयों, वाहन, टेलीफोन और कर्मचारी की सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं, क्या यह उनकी नैतिकता है?'

भाजपा ने दावा किया कि आप के सभी उम्मीदवारों ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के समय हलफनामा दाखिल कर संकल्प लिया था कि वे विधायकों को मिलने वाली सरकारी कारें और सुविधाएं नहीं लेंगे।

भाजपा ने आरोप लगाया कि आप के कुछ विधायक अब सभी सरकारी सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।

उपाध्याय ने दावा किया, '(आप संयोजक अरविंद) केजरीवाल ने दिल्ली में विकास की धीमी गति के लिए उपराज्यपाल को जिम्मेदार ठहराया है। लेकिन यह जिला विकास समितियां हैं जो ऐसे कार्यों पर फैसले लेती हैं। जहां आप के विधायक अहम पदों पर हैं।'

उन्होंने दावा किया, 'दिल्लीवासी परेशान हैं क्योंकि आप विधायक अध्यक्ष पद से जुड़ी सुविधाएं ले रहे हैं पर विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भी ऐसे ही आरोप लगाते हुए कहा कि वे भी दिल्ली सरकार की महत्वपूर्ण समितियों में विभिन्न पदों पर हैं। इन समितियों के कुछ अध्यक्ष सरकारी आवास में भी रह रहे हैं। इस बीच, दिल्ली में सरकार गठन के भाजपा के रुख को दोहराते हुए उपाध्याय ने कहा कि यदि दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग पार्टी को न्योता देते हैं तो वह सारे विकल्प तलाशेगी।