यह ख़बर 21 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

राहुल के गढ़ में सेंध : अमेठी राजघराने के अनंत बिक्रम सिंह बीजेपी में शामिल

लखनऊ:

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के गढ़ अमेठी में बीजेपी ने एक और सेंध लगा दी है। अमेठी राजघराने की जंग का फायदा उठाते हुए बीजेपी ने कांग्रेस के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के बेटे अनंत विक्रम सिंह को पार्टी में शामिल कर लिया है।

अनंत विक्रम ने कहा, मेरे बीजेपी ज्वाइन करने से अमेठी में पार्टी मजबूत होगी। मौका मिला तो चुनाव लड़ूंगा।

समझा जाता है कि अमेठी राजघराने की जागीर कई करोड़ की है, जो देश के कई राज्यों में फैली हुई है। इस जागीर के लिए संजय सिंह, उनकी दो पत्नियां अमीता सिंह, गरिमा सिंह और बेटे अनंत विक्रम सिंह के बीच ज़बरदस्त जंग चल रही है। इसे लेकर पिछले दिनों इनके बीच राजमहल के सामने खूनी संघर्ष हुआ जिसमें एक शख्स की मौत हो गई थी और दर्जनों लोग ज़ख़्मी हुए थे।

राजकुमार अनंत विक्रम राजा की पहली पत्नी गरिमा सिंह के बेटे हैं। पिछले 21 साल से गरिमा सिंह, संजय सिंह से विवाद की वजह से अलग रहीं। अनंत विक्रम सिंह मर्चेंट नेवी में नौकरी करते थे। अब वह अपनी नौकरी छोड़ कर अपनी मां को लेकर अमेठी राजमहल वापस आ गए हैं। राजा ने पहली पत्नी और राजकुमार को हाथोंहाथ लिया। राजकुमार दरबार लगाने लगे, जिससे जनता उनसे सीधे जुड़ने लगी।

संजय सिंह की दूसरी पत्नी अमीता सिंह अमेठी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ती हैं। समझा जाता है बीजेपी उन्हें उनकी सौतेली मां के खिलाफ मैदान में उतारना चाहती है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अमेठी में इस बार मोदी लहर में राहुल गांधी की जीत का मार्जिन काफी काम हो गया है। बीजेपी को राहुल के गढ़ में उन्हें घेरने के लिए कांग्रेसी राजघराने का एक राजकुमार मिल  गया है।