यह ख़बर 02 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

गुड़गांव के अस्पताल से अन्ना हजारे को छुट्टी

खास बातें

  • पिछले पांच दिन से मेदांता अस्पताल में चिकित्सा जांच करा रहे अन्ना को डॉक्टरों ने यात्रा के लिए स्वस्थ पाया और वह बेंगलुरु रवाना हो गए।
गुड़गांव:

अन्ना हजारे को गुरुवार को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पिछले पांच दिन से यहां चिकित्सा जांच करा रहे अन्ना को डॉक्टरों ने यात्रा के लिए स्वस्थ पाया और वह बेंगलुरु रवाना हो गए। 74 वर्षीय हजारे को सांस लेने में दिक्कत और उच्च रक्तचाप की शिकायत को लेकर 28 जनवरी को मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ नरेश त्रेहन और डॉ आरआर कासलीवाल की देखरेख में अन्ना की जांच और उपचार किया गया। डॉ कासलीवाल ने कहा, ‘‘उन्हें आज सुबह आठ बजे के बाद छुट्टी दे दी गई। इलाज से उनकी सेहत में सुधार देखा गया। वह काफी सर्दी, सीने में जकड़न, सूजन और सांस लेने में परेशानी के साथ हमारे पास आए थे।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हजारे के ईसीजी, अल्ट्रासाउंड समेत कुछ परीक्षण किए गए। डॉक्टरों के अनुसार जांच रिपोर्ट सामान्य हैं। अस्पताल में पांच दिन तक उन्हें हल्का-फुल्का भोजन दिया गया। मेदांता मेडिसिटी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ एके दुबे ने कहा, ‘‘बुधवार रात डॉक्टरों के एक दल ने उन्हें छुट्टी देने के लिहाज से फिट बताया।’’