यह ख़बर 12 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

पाकिस्तान ने तीन दिन में पांचवीं बार किया युद्धविराम का उल्लंघन

खास बातें

  • पाक सैनिकों ने पुंछ में नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों पर मोर्टार और रॉकेट दागे तथा गोलीबारी की। सीमा की सुरक्षा के लिए इन चौकियों पर तैनात भारतीय जवानों ने उनका मुंहतोड़ जवाब दिया।
श्रीनगर:

पाकिस्तानी सैनिकों ने पिछले तीन दिन में पांचवीं बार संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए आज तड़के पुंछ जिले में भारतीय चौकियों को निशाना बनाया।

पाक सैनिकों ने पुंछ में नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों पर मोर्टार और रॉकेट दागे तथा गोलीबारी की। सीमा की सुरक्षा के लिए इन चौकियों पर तैनात भारतीय जवानों ने उनका मुंहतोड़ जवाब दिया।

रक्षा प्रवक्ता एसएन आचार्य ने बताया, पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ स्थित नियंत्रण रेखा और दुर्गा बटालियन इलाकों में स्थित भारतीय चौकियों पर रात एक बजकर 50 मिनट पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की, मोर्टार और रॉकेट दागे। उन्होंने कहा, यह पाकिस्तान की ओर से किया गया संघर्षविराम का एक और उल्लंघन था। उन्होंने बताया कि देर रात से सुबह छह बजे तक गोलीबारी जारी रही।

आचार्य ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से की गई इस गोलीबारी में जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ।

पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ स्थित नियंत्रण रेखा समेत दिगवार, मनकोटे और दुर्गा बटालियन इलाकों में 11 चौकियों को निशाना बनाया। पिछले तीन दिन में यह संघर्षविराम का पांचवीं बार उल्लंघन है।

पाकिस्तानी सैनिकों ने दुर्गा बटालियन इलाके में रविवार रात नौ बजकर पचास मिनट पर भी छोटे हथियारों से गोलीबारी की और पुंछ स्थित नियंत्रण रेखा पर मोर्टार दागे। उन्होंने बताया कि गोलीबारी करीब तीन घंटे तक चली और भारतीय जवानों ने उसका जवाब दिया।

इससे पहले रविवार को पुंछ के कानाचक सेक्टर में फायरिंग की गई। इस फायरिंग में बीएसएफ का एक जवान जख्मी हुआ था।

इससे पूर्व 5 अगस्त को सीमा पर पाकिस्तान की ओर से हुई फायरिंग में घायल हुए बीएसएफ के हेड कांस्टेबल रामनिवास की रविवार को दिल्ली के एम्स के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। सीमा पर शहीद हुए जवान का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव राजस्थान के दौसा जिले के गढ़ हिम्मत सिंह में किया गया।

दरअसल, शहीद रामनिवास सीमा पर नारायणपुर पोस्ट पर हुई पाक की फायरिंग में घायल हुए थे। बीते छह दिनों से इनका इलाज एम्स में चल रहा था। अब शहीद के परिवार का कहना है कि उन्हें आर्थिक मदद नहीं चाहिए बल्कि वे चाहते हैं कि उनकी सरकार अब पाकिस्तान को करारा जवाब दे।

जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान की तरफ से युद्ध विराम का उल्लंघन भारत पर जवाबी कार्रवाई का दबाव डालता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि यह गोलीबारी या तो घुसपैठ को बढ़ावा देने या फिर पाकिस्तान की आंतरिक असफलता से ध्यान हटाने की कोशिश है।
(इनपुट्स एजेंसी से भी)