यह ख़बर 01 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

अरविंद केजरीवाल ने किरण बेदी को मनाने की कोशिश की

खास बातें

  • सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को पूर्व टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी को मनाने उनके घर पहुंचे। हालांकि, भेंट के बाद भी यह मुद्दा अनसुलझा है।
नई दिल्ली:

सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को पूर्व टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी को मनाने उनके घर पहुंचे। हालांकि, भेंट के बाद भी यह मुद्दा अनसुलझा है। बीजेपी को निशाना बनाए जाने के बाद किरण बेदी ने पूर्व टीम अन्ना से दूरी बना ली है।

केजरीवाल, मनीष सिसौदिया, कुमार विश्वास और संजय सिंह शुक्रवार शाम किरण बेदी के आवास पर गए और अपना रुख स्पष्ट करने के लिए एक घंटे से अधिक समय तक चर्चा की।

किरण बेदी के पूर्व टीम अन्ना से दूरी बना लेने की बात गत रविवार को उस वक्त सार्वजनिक हो गई थी, जब उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया था। उनका मानना है कि सिर्फ सत्तारूढ़ पार्टी को निशाना बनाया जाना चाहिए, जबकि केजरीवाल और अन्य ने कांग्रेस और बीजेपी दोनों को निशाना बनाया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

किरण बेदी ने कहा, कुछ मामले स्पष्ट हुए हैं। कुछ अन्य मुद्दे अब भी बरकरार हैं। अगले माह के मध्य में मैं अन्ना से मिलूंगी। उस वक्त तक अन्ना इलाज के बाद वापस लौट आएंगे। हालांकि, उन्होंने चर्चा का विवरण नहीं दिया। उन्होंने कहा, कुछ मामलों पर उन लोगों ने स्पष्टीकरण दिया। हालांकि, और जांच-परख जरूरी है इसलिए मैं कुछ दिनों बाद अन्ना से मिलने जाऊंगी। सूत्रों ने बताया कि बीजेपी को निशाना बनाने के मुद्दे का समाधान नहीं हुआ है, क्योंकि किरण बेदी ने कहा कि सत्तारूढ़ दल को निशाना बनाने पर ध्यान केंद्रित होना चाहिए और रणनीति परिस्थिति के अनुसार बदलनी चाहिए।