यह ख़बर 11 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

अन्ना हजारे का समर्थन करने रालेगण सिद्धि जाएंगे अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल जन लोकपाल बिल के लिए अनिश्चितकालीन अनशन कर रहे अन्ना हजारे के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए गुरुवार को रालेगण सिद्धि जाएंगे।

'आप' नेता ने कहा कि वह और उनके साथी कुमार विश्वास गुरुवार को रालेगण सिद्धि जाएंगे, लेकिन वह उनके साथ मंच साझा नहीं करेंगे, बल्कि दर्शकों के बीच बैठेंगे, क्योंकि अन्ना हजारे ने कहा था कि वह किसी भी राजनीतिक नेता के साथ मंच साझा नहीं करेंगे।

केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं की एक सभा में कहा, हम हृदय से अन्ना हजारे का समर्थन करते हैं और हम भौतिक, भावनात्मक और वित्तीय रूप से उनके साथ हैं। कल (गुरुवार को) मैं और कुमार विश्वास रालेगण सिद्धि जाएंगे। लेकिन उनकी इस भावना कि वह किसी राजनीतिक नेता के साथ मंच साझा नहीं करेंगे, का सम्मान करते हुए हम दर्शकों के बीच बैठेंगे।

भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाने वाले अन्ना हजारे ठंड के बाद भी महाराष्ट्र में अहमदनगर जिले के अपने पैतृक गांव में मंगलवार को उपवास पर बैठ गए। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जब तक यह भ्रष्टाचार विरोधक विधेयक पारित नहीं हो जाता, तब तक वह अपना प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराने वाले केजरीवाल ने वर्तमान लोकपाल विधेयक को 'जोकपाल' विधेयक कहा और सवाल किया कि क्या यह वही लोकपाल विधेयक है, जो अन्ना चाहते हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com