यह ख़बर 17 अक्टूबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सलमान खुर्शीद को केजरीवाल का जवाब, मैं मारा गया तो 100 अरविंद पैदा होंगे

खास बातें

  • ट्रस्ट के जरिये विकलांगों के पैसे की हेराफेरी के विवादों में घिरे कानूनमंत्री सलमान खुर्शीद ने केजरीवाल को खुली चुनौती दी और कहा कि वह फर्रुखाबाद आएं, लेकिन वहां से लौटकर भी दिखाएं।
नई दिल्ली:

कानून मंत्री सलमान खुर्शीद की धमकियों पर अरविंद केजरीवाल ने कहा है, हम खुर्शीद की धमकियों से नहीं डरेंगे और फर्रुखाबाद जरूर जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी जिंदगी भगवान के हाथ में है और उन्हें किसी सरकारी सुरक्षा की जरूरत नहीं है। केजरीवाल ने कहा, मैं मारा भी गया तो 100 और अरविंद पैदा हो जाएंगे।

गौरतलब है कि अपने ट्रस्ट के जरिये विकलांगों के पैसे की हेराफेरी के विवादों में घिरे कानूनमंत्री सलमान खुर्शीद ने अपने ऊपर आरोप लगा रहे अरविंद केजरीवाल को खुली चुनौती देते हुए धमकी भरे लहजे में कहा कि केजरीवाल फर्रुखाबाद आएं, लेकिन वहां से लौटकर भी दिखाएं।

खुर्शीद की धमकी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए टीम केजरीवाल के अहम सदस्य कुमार विश्वास ने कहा है कि देश का कानूनमंत्री खुलेआम कहे कि हम खून से होली खेलेंगे, तो हम किससे शिकायत करने जाएं। राष्ट्रपति, सोनिया गांधी और विपक्ष चुप क्यों है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार और अन्य राजनीतिक दलों के विभिन्न नेता खुर्शीद के बयान पर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं। कुमार विश्वास ने यह भी कहा कि उनकी टीम खुर्शीद की धमकियों से नहीं डरती और फर्रुखाबाद जरूर जाएगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इधर टीम केजरीवाल की सदस्य शाजिया इल्मी ने ट्वीट किया है कि सलमान खुर्शीद ऑक्सफोर्ड के डॉन या देसी गुंडा... असली रंग दिखा दिया।