बेंगलुरु: सड़क पर गड्ढे के कारण गिरने से पत्नी की मौत हुई और पुलिस ने पति को आरोपी बना दिया

बेंगलुरु: सड़क पर गड्ढे के कारण गिरने से पत्नी की मौत हुई और पुलिस ने पति को आरोपी बना दिया

ओमप्रकाश त्रिपाठी और उनकी पत्नी का फाइल फोटो।

बेंगलुरु:

बेंगलुरू शहर में सड़क पर गड्ढे की वजह से एक जानलेवा दुर्घटना हुई | मामला बेंगलुरु विकास प्राधिकरण य नगर निगम के इंजीनियरों के खिलाफ होना चाहिए था लेकिन पुलिस की बेरुखी देखिए की गैर इरादतन हत्या यानी आईपीसी की धारा 304 ए का मामला उस पति के खिलाफ दर्ज कर दिया जिसकी पत्नी बाइक से गड्ढे की वजह से गिरी और फिर सर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

गुरुवार को रात में सॉफ्टवेयर प्रॉफेशनल ओम प्रकाश त्रिपाठी अपनी पत्नी के साथ घर लौट रहे थे। मर्थनाहल्ली फ्लाईओवर पर जैसे ही उनकी बाइक पहुंची, उसका अगला पहिया फ्लाईओवर पर बने गहरे गड्ढे में फंस गया। इससे पहले कि वे संभल पाते बाइक पर पीछे बैठी उनकी पत्नी झटके की वजह से सड़क पर गिर गई। उनके सर पर चोट आई। उन्हें फौरन पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन एक घंटे के अंदर उन्होंने दम तोड़ दिया।

ट्रैफिक पुलिस कमिश्नर ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया
बेंगलुरु में बाइक में पीछे बैठने वालों को हेलमेट पहनना अनिवार्य नहीं है। महिला के पति की भी जांच की गई, जिसमें उन्हें नशे में नहीं पाया गया। उनकी गाड़ी की रफ्तार भी तेज नहीं थी। ऐसे में स्थानीय पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया, लेकिन बेंगलुरु के ट्रैफिक पुलिस कमिश्नर एम सलीम ने इस मामले में आईपीसी की धारा 304 ए के तहत, यानी उस महिला के पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने कहा, जांच होगी तो पता चलेगा गलती किसकी...
जब NDTV ने एम सलीम से पूछा कि उन्होंने ऐसा क्यों किया, तो बगलें झांकते हुए उन्होंने जवाब दिया कि 'एक्सीडेंट हुआ है, जिसमें एक महिला जो बाइक पर सवार थी, की मौत हुई है। बाइक चलाने वाले के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। अब क्या गलती हुई है या नहीं, यह तो जांच क बाद पता चलेगा।'

मध्यप्रदेश के सतना निवासी जोड़े की दो साल पहले हुई थी शादी
पोस्टमॉर्टम के बाद महिला का शव उनके परिवार को सौंप दिया गया है। उसे मध्य प्रदेश के सतना ले जाया जा रहा है, जहां उनका घर है। इन दोनों की तकरीबन 2 साल पहले शादी हुई थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बेंगलुरु शहर में सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। गड्ढों की वजह से हादसे लगातार हो रहे हैं। कई बार ऐसे हादसे जानलेवा भी साबित होते हैं।