यह ख़बर 04 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बिहार में सड़क किनारे मिले 17 भ्रूण

खास बातें

  • बिहार में किशनगंज और मुजफ्फरपुर जिलों के दो विभिन्न क्षेत्रों में 17 मानव भ्रूण पुलिस ने बरामद किए हैं।
पटना/किशनगंज:

बिहार में किशनगंज और मुजफ्फरपुर जिलों के दो विभिन्न क्षेत्रों में 17 मानव भ्रूण पुलिस ने बरामद किए हैं। अधिकतर भ्रूण चार से आठ माह के बताये जा रहे हैं। किशनगंज के सुभाष पल्ली मुहल्ले में एक स्कूल के पीछे से 16 भ्रूण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार सभी भ्रूण डिब्बों और जार में थे, जिन्हें किसी रासायनिक पदार्थ में रखा गया था। इनमें अधिकतर चार से आठ माह के भ्रूण हैं। सबसे पहले इन पर स्थानीय बच्चों की नजर पड़ी जो उस समय यहां खेल रहे थे। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इधर, किशनगंज के पुलिस अधीक्षक रंजीत कुमार मिश्र ने सोमवार को बताया कि जहां भ्रूण पाए गए हैं उसी के समीप एक निजी नर्सिंग होम है। आशंका है कि यहीं से यह भ्रूण फेंके गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उधर, मुजफ्फरपुर शहर के एक कूड़ेदान से भी सोमवार को एक भ्रूण मिला है। यह भ्रूण भी चार माह का बताया जा रहा है। पटना में राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक राज्यवर्धन शर्मा ने कहा कि यह पूरी तरह घृणित और अमानवीय मामला है। पुलिस इसकी सभी पहलूओं से जांच कर रही है तथा जो भी दोषी होगा उस पर कड़ी कानूनी कारवाई जाएगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com