यह ख़बर 18 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

बीजेपी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा को हजारीबाग कोर्ट से मिली जमानत

रांची:

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के बड़े नेता यशवंत सिन्हा को जमानत मिल गई है। उन्होंने सीजीएम कोर्ट में जमानत अर्जी दायर की थी। इससे पहले सिन्हा ने जमानत लेने और बेल बॉन्ड भरने से इनकार कर दिया था।

गौरतलब है कि यह मामला बिजली कर्मचारी के साथ मारपीट करने से जुड़ा है, जिसमें कर्मचारी की शिकायत के बाद सिन्हा को कोर्ट ले जाया गया था। कोर्ट में सिन्हा ने बेल बॉन्ड भरने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था। तभी से यशवंत सिन्हा हजारीबाग की सेंट्रल जेल में बंद हैं।

मंगलवार को वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने जेल में सिन्हा से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के जरिये आडवाणी ने सिन्हा को जमानत लेकर जेल से बाहर आने के लिए मनाया।

इससे पूर्व, 12 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के निर्देश पर पार्टी के महासचिव राजीव प्रताप रूडी और प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, सिन्हा को मनाने हजारीबाग पहुंचे थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

यशवंत सिन्हा ने हजारीबाग और झारखंड के अन्य इलाकों में बिजली की 10 घंटे कटौती के खिलाफ न सिर्फ आंदोलन किया, बल्कि 3 जून को समर्थकों के साथ गिरफ्तार किए जाने के बाद जमानत लेने से इनकार भी कर दिया था।