यह ख़बर 08 अप्रैल, 2013 को प्रकाशित हुई थी

जगदीश शेट्टर कर्नाटक में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित

खास बातें

  • भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सोमवार को जगदीश शेट्टर को कर्नाटक में 5 मई को होने जा रहे राज्य विधानसभा के चुनावों के लिए पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। वहीं, भाजपा ने पार्टी दो सांसदों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निलंबित कर
बेंगलुरु:

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सोमवार को जगदीश शेट्टर को कर्नाटक में 5 मई को होने जा रहे राज्य विधानसभा के चुनावों के लिए पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। वहीं, भाजपा ने पार्टी दो सांसदों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निलंबित कर दिया है।

उन्होंने यह घोषणा भी की कि पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और नरेन्द्र मोदी कर्नाटक के चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक होंगे।

सुषमा स्वराज और अरुण जेटली सहित कई पार्टी नेताओं के साथ सिंह कर्नाटक में भाजपा के प्रचार की शुरुआत करने के लिए आज यहां से बेंगलुरु के लिए रवाना हुए, लेकिन जिस हवाई जहाज़ से वे जा रहे थे उसमें कुछ खराबी पैदा हो गई। इसके चलते विमान कुछ देर की उड़ान के बाद वापस लौट आया।

बाद में उन्होंने यहीं से वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिये बेंगलुरु की सभा को संबोधित किया।

संबोधन में भाजपा अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते बीएस येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद पार्टी को कुछ विपरीत स्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में शेट्टर सरकार के अंतर्गत की उपलब्धियां भी हासिल की गई।

पार्टी छोड़ चुके येदियुरप्पा के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में हमें कुछ विपरीत स्थितियों का सामना करना पड़ा है, यह अच्छा होता अगर येदियुरप्पा के विरुद्ध आरोप नहीं होते। हमारी इच्छा थी कि पांच साल के लिए एक ही मुख्यमंत्री रहता।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राज्य की भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरने के कारण पार्टी की साख को लगी ठेस को दूर करने का प्रयास करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं कर्नाटक की जनता को आश्वासन देना चाहता हूं कि जो भी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया वह भाजपा में अपनी कुर्सी नहीं बचा पाएगा।’’