यह ख़बर 17 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

महाराष्ट्र निकाय चुनाव : मुम्बई-ठाणे पर शिव सेना-भाजपा का परचम

खास बातें

  • मुम्बई और ठाणे नगर निगम चुनावों में शिव सेना-भारतीय जनता पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया गठबंधन ने सबसे अधिक सीटें जीतकर फिर से अपना परचम लहराया है जबकि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को तगड़ा झटका लगा है।
ठाणे:

महाराष्ट्र निकाय चुनाव के तहत शुक्रवार शाम चार बजे तक घोषित नतीजों के मुताबिक मुम्बई और ठाणे नगर निगम चुनावों में शिव सेना-भारतीय जनता पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) गठबंधन ने सबसे अधिक सीटें जीतकर फिर से अपना परचम लहराया है जबकि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को तगड़ा झटका लगा है।

शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन हालांकि, बृह्न्मुम्बई नगर निगम (बीएमसी) और ठाणे नगर निगम (टीएमसी) पर काबिज होने के लिए आवश्यक बहुमत के आंकड़े से थोड़ा दूर है लेकिन समझा जाता है कि गठबंधन आंकड़े की इस कमी को विद्रोही पार्षदों और निर्दलीयों की मदद से पूरा कर लेगा।

दोनों नगर निगमों की सत्ता पर इस गठबंधन को काबिज होने के लिए राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के समर्थन की तुरंत आवश्यकता नहीं समझी जा रही है।

इस बार के मुम्बई, पुणे और नासिक नगर निगम चुनावों में मनसे का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा है। इन नगर निगमों में गठबंधन को सत्ता में लाने में मनसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

शाम चार बजे तक प्राप्त नतीजों के मुताबिक मुम्बई की कुल 227 सीटों में से शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन कुल 107 सीटें जीत चुका है जबकि कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) गठबंधन के खाते में 65 सीटें आई हैं। मनसे को 29 और निर्दलीय एवं अन्य को 26 सीटें मिली हैं।

ठाणे में शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन ने जहां 62 सीटें जीती हैं, वहीं कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को 52 सीटें, मनसे को सात और निर्दलीय एवं अन्य को नौ सीटें मिली हैं।

वहीं, 73 सीटों वाले अकोला नगर निगम चुनावों में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन के खाते में 23 सीटें गई हैं जबकि शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन ने 26 सीटों पर कब्जा जमाया है। यहां मनसे को एक, निर्दलीय एवं अन्य को 23 सीटें मिली हैं।   

87 सीटों वाले अमरावती नगर निगम चुनावों में कांग्रेस-रांकापा गठबंधन ने 43 सीटें जीती हैं जबकि शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन के खाते में 19 सीटें आई हैं। यहां निर्दलीय एवं अन्य ने 25 सीटें जीती हैं।

128 सीटों वाले पिम्परी-चिंचवाड नगर निमम चुनावों में राकांपा को सर्वाधिक सीटें मिली हैं। यहां राकांपा ने 83 सीटों पर कब्जा जमाया है जबकि कांग्रेस को 14 सीटें मिली हैं। शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन को यहां महज 18 सीटें से ही संतोष करना पड़ा है। मनसे ने चार, निर्दलीयों और अन्य ने नौ सीटें जीती हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पांच अन्य महत्वपूर्ण नगर निगम चुनावों की मतगणना अभी जारी है।