यह ख़बर 02 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

छत्तीसगढ़ में विस्फोट, 25 जवान व कैदी घायल

खास बातें

  • छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में शनिवार को नक्सलियों द्वारा एक वाहन को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में छह पुलिसकर्मी और 19 कैदी घायल हो गए। इनमें से कुछ की हालत गम्भीर बताई गई है।
रायपुर:

छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में शनिवार को नक्सलियों द्वारा एक वाहन को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में छह पुलिसकर्मी और 19 कैदी घायल हो गए। इनमें से कुछ की हालत गम्भीर बताई गई है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल अभियान) राम निवास ने बताया, "वाहन में सवार सभी 25 लोग गम्भीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से चार पुलिसकर्मियों एवं 11 कैदियों की हालत गम्भीर है।"

यह हमला राजधानी रायपुर से 210 किलोमीटर दूर नव-गठित कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित एक पुल पर हुआ।

एक स्थानीय अदालत में पेशी के बाद 19 कैदियों और छह पुलिसकर्मियों को लेकर वाहन कोंडागांव से बस्तर जिला मुख्यालय के जगदलपुर लौट रहा था तभी वह विस्फोट की चपेट में आ गया।

निवास ने बताया कि विस्फोट काफी शक्तिशाली था और वाहन में सवार सभी 25 लोगों को गम्भीर चोटें आई हैं लेकिन चार पुलिसकर्मियों एवं छह कैदियों की हालत नाजुक है।

स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने माना है कि यह हमला सुरक्षा खामियों का नतीजा है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

जगदलपुर में पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह हमला गलतफहमी के चलते भी हो सकता है क्योंकि जेल के वाहन पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों जैसे दिखते हैं।