यह ख़बर 05 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

उपचुनाव परिणाम से नरेन्द्र मोदी को मिली मजबूती, नीतीश को लगा झटका

खास बातें

  • भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी के रूप में नरेन्द्र मोदी के नाम को उस समय और मजबूती मिली जब भाजपा ने गुजरात में दो लोकसभा और चार विधानसभाओं के लिए हुए उपचुनाव में सभी सीटें जीत लीं, हालांकि उनके विरोधी नीतीश कुमार को बिहार में झटका लगा जबकि कांग्रेस
पटना / कोलकाता / अहमदाबाद:

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी के रूप में नरेन्द्र मोदी के नाम को उस समय और मजबूती मिली जब भाजपा ने गुजरात में दो लोकसभा और चार विधानसभाओं के लिए हुए उपचुनाव में सभी सीटें जीत लीं, हालांकि उनके विरोधी नीतीश कुमार को बिहार में झटका लगा जबकि कांग्रेस को चार राज्यों में उपचुनाव में खाली हाथ रहना पड़ा।

गुजरात में भाजपा ने कांग्रेस से सभी छह सीटें छीन लीं। पोरबंदर लोकसभा सीट पर सबसे बड़ी जीत भाजपा के विट्ठल रादडीया की रही, जिन्होंने 1,28,000 वोटों के साथ यह सीट अपने नाम कर ली है। पिछले वर्ष एक टोल नाके पर बंदूक लहराते हुए पकड़े गए इस पूर्व कांग्रेस सांसद ने बाद में भाजपा का दामन थाम लिया था।

कांग्रेस सांसद मुकेश गढवी की मृत्यु के कारण खाली हुई बनासकांठा सीट भी भाजपा ने जीत ली। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी हरिभाई चौधरी ने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी मुकेश गढ़वी की पत्नी कृष्णा गढ़वी को 71,000 वोटों से मात दी है।

भाजपा ने गुजरात की लम्बाडी, मोरवा हदफ, जेतपुर और दोराजी विधानसभा सीट पर भारी अंतर से जीत दर्ज की। उपचुनाव परिणाम से भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की दौड़ में मोदी के नाम को मजबूती मिली है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक इस सप्ताहांत में गोवा में होने वाली है जहां मोदी को अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार समिति का प्रमुख बनाया जा सकता है।

बिहार में महाराजगंज संसदीय उपचुनाव में राजद प्रत्याशी प्रभुनाथ सिंह की करीब 1.37 लाख मतों से जीत सुनिश्चित कर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को करारा झटका दिया है।

पिछले 2 जून को हुए महाराजगंज संसदीय उपचुनाव में राजद प्रत्याशी प्रभुनाथ सिंह को 3,81 लाख से अधिक मत मिले जबकि जदयू प्रत्याशी पीके शाही को 2.44 लाख और कांग्रेस उम्मीदवार जितेंद्र स्वामी को 33,905 मत प्राप्त हुए। राजद सांसद उमाशंकर सिंह के निधन के बाद चुनाव आयोग ने महाराजगंज संसदीय सीट पर उपचुनाव कराने का निर्णय लिया था। इस चुनाव में 33,905 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे कांग्रेस उम्मीदवार जितेंद्र स्वामी दिवंगत उमाशंकर सिंह के पुत्र हैं।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए महाराजगंज उपचुनाव को अपनी-अपनी लोकप्रियता मापने के पैमाने के रूप में देखा जा रहा था।

हावड़ा लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार प्रसून बनर्जी ने मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्रीदीप भट्टाचार्य को 27,000 वोटों से हरा दिया है।

तृणमूल कांग्रेस के सांसद अंबिका बनर्जी की मृत्यु की वजह से यह सीट खाली हुई थी।

नई दिल्ली में, मुख्यमंत्री सम्मेलन में हिस्सा लेने आए नरेन्द्र मोदी ने उपचुनाव में जीत पर कहा कि यह केंद्र की कांग्रेस नीत सरकार के खिलाफ लोगों की नाराजगी को प्रदर्शित करता है और उन्हें संकेत देता है कि अब बोरिया बिस्तर बांधने का समय आ गया है।

मोदी के विचारों का समर्थन करते हुए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि लोग संप्रग सरकार से काफी नाराज है। आज के परिणाम का कांग्रेस पर जबर्दस्त प्रभाव पड़ेगा जिसे अगले चुनाव में जबर्दस्त हार का सामना करना पड़ेगा।

उपचुनाव में जीत से उत्साहित लालू प्रसाद ने कहा कि यह सेमीफाइनल है और राजद अगले वर्ष लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री और उनकी सरकार से महिलाओं समेत समाज का हर वर्ग नाराज है।

बहरहाल, वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि भाजपा के लिए गुजरात में जीत पर गर्व करने जैसा कुछ भी नहीं है जहां एक उम्मीदवार को मुख्यमंत्री ने बंदूक लहराने वाला बताया और बाद में वह उनकी ही पार्टी से जीत गया।

विट्ठल रादड़ीया के पुत्र जयेश भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे और उन्होंने जेतपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के जगदीश पाम्भार को 52,910 मतों से पराजित किया।

भाजपा के किरीटसिंह राणा ने लिम्बाडी सीट से कांग्रेस के सतीश पटेल को 24787 मतों से हराया। धोराजी सीट पर भाजपा के प्रवीण मनकाडिया ने कांग्रेस के हरिभाई पटेल को 11,497 मतों से पराजित किया।

इस जीत के साथ गुजरात विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 119 हो गई है जबकि कांग्रेस के विधायकों की संख्या 57 है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उत्तरप्रदेश में एक मात्र विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने हंडिया सीट अपने खाते में बनाए रखी। सपा ने इस सीट पर बसपा को 26 हजार मतों के अंतर से पराजित किया। इस सीट पर कांग्रेस और भाजपा की जमानत जब्त हो गई।