यह ख़बर 05 जनवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

नहीं थम रहा जुल्म का सिलसिला, नोएडा में युवती की बलात्कार के बाद हत्या

खास बातें

  • राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में एक लड़की की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई है। लड़की का शव शनिवार की सुबह पुलिस को मिला। 21 साल की लड़की एक एक्सपोर्ट कंपनी में काम करती थी, ऑफिस से निकलने के बाद वह लापता हो गई थी।
नोएडा:

राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में एक लड़की की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई है। लड़की का शव शनिवार की सुबह पुलिस को मिला। 21 साल की लड़की एक एक्सपोर्ट कंपनी में काम करती थी, ऑफिस से निकलने के बाद वह लापता हो गई थी।

परिजन पूरी रात उसे तलाशते रहे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बाद में सुबह लड़की का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने बलात्कार और हत्या का केस दर्ज किया है। अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ़्तार नहीं कर पाई है हालांकि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता छोटपुर कॉलोनी की रहने वाली थी और वह नोएडा के सेक्टर 65 स्थित फैक्ट्री से शुक्रवार को रात नौ बजे घर लौट रही थी। उसके साथ में चार अन्य महिला सहकर्मी भी थी। उसका घर सेक्टर 63 में है।

छोटपुर कॉलोनी के बाहर ही उसकी महिला साथी उससे अलग हो गईं और फिर वह आगे अपने घर की ओर मुड़ गई लेकिन वह घर नहीं पहुंची थी। परिवार के सदस्यों ने उसे ढूंढने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मिली।

सुबह सेक्टर 63 के पुश्ता क्षेत्र में उसका शव मिला और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पहले पुलिस ने कहा था कि महिला कॉलसेंटर में काम करती थी लेकिन बाद में जब शिकायत दर्ज की गई तब बताया गया कि वह सेक्टर 65 में कपड़े की फैक्ट्री में काम करती थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

जिला अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि दो डाक्टरों के एक पैनल ने उसका पोस्टमार्टम किया और पुलिस को सीलबंद रिपोर्ट दे दिया गया।