यह ख़बर 09 सितंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

सीबीआई ने सारदा घोटाले में पश्चिम बंगाल के पूर्व डीजीपी रजत मजूमदार को गिरफ्तार किया

कोलकाता:

सीबीआई ने करोड़ों रुपये के सारदा चिट फंड घोटाले में आज पश्चिम बंगाल के पूर्व डीजीपी रजत मजूमदार को गिरफ्तार किया है। मजूमदार को कथित तौर पर इस घोटाले में भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया है। मजूमदार पश्चिम बंगाल में महानिदेशक (सशस्त्र पुलिस) थे।

आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि कथित तौर पर वह सारदा समूह के साथ जुड़े थे। सारदा समूह पर हजारों निवेशकों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने का आरोप है।

सीबीआई ने आज उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि मजूमदार ने अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया है। उन्हें यहां एक विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

चिट फंड घोटाले में सीबीआई ने सारदा समूह के खिलाफ चार एफआईआर दर्ज की हैं। उच्चतम न्यायालय ने सारदा चिट फंड घोटाले की जांच सीबीआई को सौंपी थी। शीर्ष अदालत ने राज्य सरकारों को निर्देश दिया था कि वे एजेंसी की जांच टीम को सभी प्रकार की लाजिस्टिकल मदद उपलब्ध कराएं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सीबीआई ने संयुक्त निदेशक राजीव सिंह की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था। सूत्रों ने बताया कि जांच टीम ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) तथा रिजर्व बैंक के अधिकारियों की भूमिका की जांच की थी।