यह ख़बर 24 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

हिन्दुस्तानी ही मुख्य साजिशकर्ता : दिल्ली पुलिस

खास बातें

  • अमर सिंह के अलावा सुधींद्र कुलकर्णी, बीजेपी के दो पूर्व सांसद- फगन सिंह कुलस्ते और महावीर सिंह के खिलाफ भी चार्जशीट दायर की गई है।
New Delhi:

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को आरोप लगाया कि भाजपा का कथित कार्यकर्ता सुहैल हिन्दुस्तानी 2008 में विश्वास मत से पहले सांसदों को रिश्वत देने के प्रयासों के तहत हुए नोट के बदले वोट घोटाले का मुख्य साजिशकर्ता है। दिल्ली पुलिस के अदालत में पेश आरोप पत्र में कहा गया है, अब तक हुई जांच से यह नतीजा निकलता है कि हिन्दुस्तानी नोट के बदले वोट मामले का मुख्य साजिशकर्ता है। इसमें कहा गया है, सबूतों से यह स्पष्ट है कि वह पहला व्यक्ति था जिसने 20 जुलाई 2008 को भाजपा सांसदों की तथाकथित सूची का नाम लिया जिनके विश्वास प्रस्ताव पर मतों को रिश्वत देकर प्रभावित किया जा सकता था। विशेष न्यायाधीश संगीता ढींगरा सहगल की अदालत में पेश आरोप पत्र में अपराध शाखा ने कहा, 21 जुलाई 2008 को हिन्दुस्तानी ने कुलकर्णी से सुबह के लगभग साढ़े ग्यारह बजे संपर्क किया और इसके बाद कुलकर्णी उससे मिला और दोनों ने आगे की साजिश रची और कुलकर्णी ने भाजपा के इन सांसदों से संपर्क किया। कैश फॉर वोट मामले में अमर सिंह के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। अमर सिंह पर भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है। अमर सिंह के अलावा इस मामले में सुधींद्र कुलकर्णी, बीजेपी के दो पूर्व सांसद- फगन सिंह कुलस्ते और महावीर सिंह के खिलाफ भी चार्जशीट दायर की गई है। पुलिस बीजेपी के मौजूदा सांसद अशोक अर्गल के खिलाफ भी चार्जशीट दायर करना चाहती है और इसके लिए उसने संसद से इजाजत मांगी है। इनके अलावा पुलिस अमर सिंह के सहयोगी संजीव सक्सेना और इस मामले में गिरफ्तार सुहैल हिंदुस्तानी के खिलाफ भी चार्जशीट दायर की है।(इनपुट भाषा से भी)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com