यह ख़बर 26 नवंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

फरीदाबाद के स्कूल में 8वीं के छात्र ने खुद को आग लगाई

प्रतीकात्मक चित्र

फरीदाबाद:

दिल्ली से सटे फरीदाबाद के एक निजी स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ने वाले 14 साल के एक छात्र ने खुद को आग लगा ली। उसके परिवार ने आरोप लगाया है कि स्कूल का एक टीचर उसे प्रताड़ित कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बच्चे ने खुद को स्कूल के बाथरूम में बंद कर लिया और अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। पुलिस के मुताबिक छात्र ने पानी की बोतल में पेट्रोल भर रखा था।

उसे गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक लड़का 40 फीसदी जला हुआ है। लड़के के एक रिश्तेदार ने बताया कि एक टीचर उसे अक्सर परेशान करता था और स्कूल में उसका मजाक उड़ाता था।

उन्होंने बताया कि लड़के ने अस्पताल में भर्ती कराए जाने से पहले पुलिस को इस बात की जानकारी दी है, हालांकि औपचारिक रूप से पुलिस ने लड़के का बयान अभी दर्ज नहीं किया है। लड़के के परिवार ने बताया कि एक महीना पहले अपने दादा की मौत के बाद से वह सदमे में था।

अपने पिता को भी बचपन में ही खो चुके इस लड़के का अपने दादा से काफी लगाव था। लड़के के रिश्तेदार ने बताया कि पिछले छह महीने से वह बीमार चल रहे दादा की देखभाल में मां और भाई की मदद करने के कारण पढ़ाई में भी पिछड़ता जा रहा था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com