राज्यसभा में उठा सांप्रदयिक घटनाओं का मामला

नई दिल्‍ली:

राज्यसभा में सोमवार को विपक्षी दलों के सदस्यों ने देश में बढ़ रही सांप्रदायिक घटनाओं के मुद्दे को उठाया। विपक्ष के सदस्यों ने पश्चिम बंगाल में नन के साथ दुष्कर्म और हरियाणा में गिरजाघर पर हमले का जिक्र किया। इस पर सरकार ने कहा कि वो सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान मुद्दा उठाते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता डी. राजा ने कहा कि देश में कट्टरपंथी आक्रामक होते जा रहे हैं। राजा ने कहा कि बंगाल में एक नन के साथ दुष्कर्म हुआ और हरियाणा में एक गिरजाघर पर हमला किया गया। ईसाइयों और अन्य समुदायों पर हमलों में बढ़ोतरी हुई है। राजा ने कहा कि दक्षिणपंथी कट्टर ताकतें आक्रामक हो गई हैं। उन्होंने कहा कि अगर भारत की धर्मनिरपेक्षता को आघात पहुंचाया जाता है, तो इस देश का क्या होगा?

विपक्षी सांसदों ने भी डी राजा का समर्थन किया। इसके बाद केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि सरकार सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और संबंधित राज्य सरकारों को कड़ा कदम उठाना चाहिए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि मुद्दा महत्वपूर्ण है और मोदी सरकार देश में एकता एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक स्वतंत्रता पर हमले करने वाली घटनाओं के खिलाफ है।